Baran Accident News: राजस्थान के बारां जिले में कोटा-शिवपुरी राष्ट्रीय राजमार्ग-27 पर भीषण सड़क हादसा हो गया। जहां एक कार की खड़े पिकअप वाहन से जोरदार टक्कर हो गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि यह हादसा शनिवार रात हुआ। घायलों को अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान सभी ने दम तोड़ दिया।
फाइल फोटो
हादसे में मृतकों की पहचान
पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान लखनऊ के रहने वाले नमन कुमार चतुर्वेदी (27) और जया शर्मा (25), गोरखपुर (उत्तर प्रदेश) की रहने वाली अंशिका मिश्रा (25) और दिल्ली के रहने वाले राहुल प्रकाश (30) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम मृतकों के परिजनों के पहुंचने के बाद कराया जाएगा।
जैसलमेर के दामोदरा गांव में पलटी कार
राजस्थान के जैसलमेर से भी एक सड़क हादसे में एक युवक ने जान गंवा दी। शनिवार रात को जिले के एक गांव में कार पलटने से उसमें सवार एक युवक की मौत हो गई और चार लोग घायल हो गए। मृतक की पहचान चंद्रवीर गहलोत (21) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, यह घटना शनिवार रात दामोदरा गांव के पास सैम रोड पर हुई जब गहलोत एक समूह के साथ एक रिसॉर्ट से लौट रहे थे। चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया और वाहन पलट गया। अधिकारियों ने बताया कि हादसे में गहलोत की मौत हो गई और कार में सवार चार अन्य लोग घायल हो गए। उन्होंने कहा कि घायलों में से एक की हालत गंभीर है और उसे बेहतर इलाज के लिए जोधपुर रेफर किया गया है। अधिकारियों ने कहा कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच जारी है।
(इनपुट - भाषा)
