Bomb Threat to CMO Rajasthan: राजस्थान में एक बार फिर मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) को बम से उड़ाने की धमकी मिली। प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत एक्शन लेते हुए परिसर की गहन जांच की। हालांकि इस दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया है, जिससे पूछताछ की जा रही है। बता दें कि जयपुर में इससे पहले भी बम की धमकियां मिल चुकी हैं।
सांकेतिक फोटो
पुलिस के अनुसार सोमवार दोपहर को जयपुर पुलिस कंट्रोल रूम में एक कॉल आई। जिसमें सीएमओ को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। जिससे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड, अतिरिक्त पुलिस बल और एंबुलेंस सीएमओ पहुंचे। पुलिस ने बताया कि सचिवालय स्थित सीएओ भवन की तुरंत गहन जांच की गई। लेकिन कोई भी संदिग्ध चीज नहीं मिली।
झुंझुनू से पकड़ा गया आरोपी कॉलर
पुलिस ने इस मामले में तुरंत एक्शन लेते हुए धमकी देने वाले युवक को हिरासत में ले लिया। उसे झुंझुनू से पकड़ा गया है, जिसके बाद जयपुर जल्द लाया जाएगा। जहां आरोपी व्यक्ति से गहन पूछताछ की जाएगी। बताया जा रहा है कि आरोपी मानसिक रोगी है। इस घटना के बाद इलाके में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी गई है।
जयपुर की इन जगहों पर मिली बम की धमकी
जयपुर में पहले भी कई बार बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। 26 जुलाई 2025 को भी जयपुर एयरपोर्ट और सीएमओ को ऐसी धमकियां मिली थी। उस समय मेल के माध्यम से धमकियां मिली थी। लेकिन इस बार कॉल के जरिए धमकी दी गई है। हालांकि उस समय भी जांच में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। इसके अलावा जयपुर के स्कूलों, मेट्रो स्टेशन, सवाई मानसिंह स्टेडियम और अन्य सार्वजनिक स्थानों को भी बम की धमकियां मिल चुकी है।
