20 May 2025 Rajasthan mein Aaj ka Mausam (राजस्थान में आज का मौसम): राजस्थान में बढ़ती गर्मी और लू के प्रकोप से आम प्रभावित हो रहा है। तापमान इतना बढ़ गया है कि लोग घरों से बाहर निकलने में कठिनाई महसूस कर रहे हैं। मौसम विभाग ने पश्चिमी राजस्थान के लिए अगले 48 घंटों के दौरान कुछ राहत की उम्मीद जताई है, जिसके तहत जैसलमेर, बाड़मेर, बीकानेर सहित कई क्षेत्रों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
राजस्थान में आज के मौसम की अपडेट
बीते 24 घंटों में, उदयपुर और कोटा संभागों में हल्की बारिश दर्ज की गई, जबकि अन्य क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा। पश्चिमी राजस्थान में कुछ स्थानों पर हीट वेव का असर भी देखा गया। खानपुर (झालावाड़) में सर्वाधिक 20 मिमी बारिश दर्ज की गई। तापमान की बात करें तो श्रीगंगानगर और पिलानी में अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि चूरू में न्यूनतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। राज्य में हवा में नमी 21% से 78% के बीच दर्ज की गई, जो मौसम के बदलते स्वरूप को दर्शाता है।
राजस्थान में तापमान का हाल
सोमवार को राजस्थान के विभिन्न शहरों में भीषण गर्मी रही, जहां अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। अजमेर में 42.5°C, अलवर में 44.0°C, जयपुर में 44.6°C, सीकर में 42.5°C, कोटा और चित्तौड़गढ़ में 43.5°C, बाड़मेर में 44.7°C, जैसलमेर में 44.2°C, जोधपुर में 42.6°C, बीकानेर में 45.1°C, चूरू में सबसे अधिक 46.0°C और श्रीगंगानगर में 45.0°C तापमान रहा। वहीं, माउंट आबू अपेक्षाकृत ठंडा रहा, जहां 32.0°C अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। गर्मी का ये प्रकोप लोगों के लिए चुनौती पूर्ण साबित हो सकता है, खासकर चूरू और बीकानेर जैसी जगहों पर।
20 और 21 मई के लिए ऑरेंज अलर्ट
IMD जयपुर ने अगले 4-5 दिनों में बीकानेर संभाग और शेखावाटी क्षेत्रों में भीषण गर्मी और लू चलने की संभावना जताई है, जिससे रातें भी गर्म रहने की उम्मीद है। इसे ध्यान में रखते हुए, ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा, उत्तर-पूर्वी राजस्थान के कुछ हिस्सों में अगले 3-4 दिनों तक लू चल सकती है, जबकि उदयपुर, कोटा और भरतपुर संभाग में मेघगर्जन और हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। विशेष रूप से, आज और कल पश्चिमी राजस्थान के लिए बरसात, बिजली गिरने और मेघगर्जन को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
