रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए खेलने वाले क्रिकेटर यश दयाल की मुसीबतें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। इस साल चैंपियन बनी टीम के लिए खलने वाले इस क्रिकेटर के खिलाफ अब जयपुर में भी एक FIR दर्ज की गई है। यश दयाल के खिलाफ जयपुर की युवती ने रेप का केस दर्ज करवाया है। युवती की शिकायत के बाद यश के खिलाफ रेप और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है।
यश दयाल के खिलाफ रेप का एक और मामला दर्ज (फोटो - royalchallengers.com)
जयपुर की युवती का आरोप है कि यश दयाल ने उसे क्रिकेट में करियर बनाने का झांसा दिया। युवती का आरोप है कि इमोशनल ब्लैकमेल करके यश दयाल ने दो साल तक उसके साथ रेप किया। पीड़ित युवती ने इस संबंध में यश दयाल के खिलाफ जयपुर के सांगानेर सदर थाने में मामला दर्ज करवाया है।
सांगानेर सदर के SHO अनिल जैमन के मुताबिक जयपुर की यह लड़की क्रिकेट खेलने के दौरार ही यश दयाल के संपर्क में आयी थी। SHO के अनुसार युवती ने बताया है कि दो साल पहले जब वह नाबालिग थी, तब जयपुर में ही यश दयाल के संपर्क में आयी थी। उस समय यश IPL का मैच खेलने के लिए जयपुर आए हुए थे।
आरोपों के अनुसार क्रिकेट में करियर के टिप देने के बहाने यश दयाल ने उसे होटल रूम में बुलाया और वहां उसके साथ रेप किया। इसके बाद भी यश युवती का शारीरिक शोषण करता रहा। SHO ने बताया कि शिकायत के अनुसार IPL 2025 के मैच के दौरान जयपुर आए यश दयाल ने सीतापुर स्थित एक होटल में बुलाकर युवती से रेप किया।
SHO ने बताया कि जब युवती पहली बार यश दयाल से मिली थी, तब वह 17 साल की थी। तब ही पहली बार यश दयाल ने उसके साथ रेप किया था। यही कारण है कि पुलिस ने यश दयाल के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत FIR दर्ज की है।
बता दें कि इससे पहले भी उत्तर प्रदेश में दिल्ली से सटे गाजियाबाद शहर में भी यश दयाल के खिलाफ रेप के आरोप में मामला दर्ज हो चुका है। गाजियाबाद की लड़की ने यश दयाल पर शादी का झांसा देकर रेप करने का आरोप लगाया था।
हालांकि, गाजियाबाद की युवती के आरोपों पर इलाहाबाद हाईकोर्ट से यश दयाल को राहत मिल चुकी है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने 15 जुलाई को ही यश दयाल की गिरफ्तारी पर रोक लगाई थी। कोर्ट ने कहा था कि अगली सुनवाई तक उनके खिलाफ किसी तरह की कार्रवाई नहीं होनी चाहिए। इस मामले में यश दयाल के खिलाफ गाजियाबाद के इंदिरापुरम थाने में 6 जुलाई को FIR दर्ज हुई थी। अब जयपुर की युवती के यश दयाल के खिलाफ इस तरह आरोप लगाने से क्रिकेट यश दयाल की मुसीबतें बढ़ता तय है। पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
