ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बाइक पर सवार बदमाशों ने एक युवती से उसका नया iPhone 18 प्रो छीन लिया और वहां से फरार हो गए। दरअसल युवती ई-रिक्शा पर बैठी थी। इसी दौरान ई-रिक्शा के बगल में बाइक पर सवार बदमाशों ने युवती से पूछा, क्या यह नया आईफोन है? युवती के हां कहते ही एक बदमाश ने उसके हाथ से मोबाइल फोन छीन लिया और फरार हो गया। युवती ने सिर्फ तीन दिन पहले ही नया iPhone 18 प्रो खरीदा था।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट की एक-मूर्ति के पास बदमाशों ने युवती से आईफोन छीना
iPhone को लेकर लोगों में बड़ा क्रेज रहता है। हाल ही में Apple ने नया iPhone 18 और iPhone 18 प्रो लॉन्च किए हैं। जिस दिन इन फोन की बिक्री शुरू हुई उससे एक रात पहले से ही Apple स्टोरों पर लोग लाइन में लगे दिखे।
यह घटना ग्रेटर नोएडा वेस्ट में बिसरख थाना क्षेत्र में एक-मूर्ति गोलचक्कर के पास हुई। ग्रेटर नोएडा वेस्ट की सेंचुरियन पार्क सोसाइटी में रहने वाली शुभी भंडारी के साथ यह घटना कल यानी सोमवार सुबह हुई, जब वह ऑफिस जा रही थी। घटना के समय वह ई-रिक्शा में सवार थी और एक-मूर्ति गोलचक्कर के पास उन्हें ई-रिक्शा की ऑनलाइन पेमेंट करती थी। इसी दौरान उनके साथ यह घटना हुई।
पीड़ित शुभी भंडारी के अनुसार जब वह ई-रिक्शा पर सवार थी, तभी पीछे से बाइक पर सवार दो युवक उनके पास आए। दोनों ने हेलमेट पहने हुए थे। उनमें से एक युवक ने उनसे पता पूछा, फिर मोबाइल की तरफ देखते हुए प्रश्न किया कि क्या ये नया वाला आईफोन है? शुभी के हां कहते ही बदमाशों ने उनके हाथ से मोबाइल छीना और बाइक से फरार हो गए।
पीड़ित के पति साकेत गुप्ता के अनुसार उनकी पत्नी ने सिर्फ तीन दिन पहले ही iPhone 18 प्रो खरीदा था। इस घटना के बाद परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाी है। उनका कहना है कि सुबह के समय यहां के प्रमुख सड़कों पर पुलिस काफी कम दिखाई देती है। ऐसी घटनाओं को लेकर लोगों में चिंता भी है। एक और जरूरी बात ये कि जिस एक-मूर्ति गोलचक्कर के पास यह घटना हुई, उसी गोलचक्कर के पास दिल्ली चौकी भी है। पुलिस चौकी के इतने पास इस तरह की घटना और भी चिंताजनक है।
