रोहतक : अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी शीलू बल्हारा के परिवार में शुक्रवार दोपहर उस समय कोहराम मच गया, जब उनकी 23 वर्षीय पत्नी मुस्कान ने अपने घर में फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही बहु अकबरपुर थाना पुलिस ने मौके पर पहुँचकर मामले की जांच शुरू की।
अंतरराष्ट्रीय कबड्डी प्लेयर शीलू बल्हारा की पत्नी ने की आत्महत्या
परिजनों ने उठाए सवाल
मौके पर पहुंची पुलिस ने फॉरेंसिक टीम की मदद से साक्ष्य जुटाए और शाम करीब 7 बजे शव को पोस्टमार्टम के लिए पीजीआईएमएस, रोहतक भिजवाया। इस दुखद घटना के बाद मुस्कान के मायके पक्ष के लोगों ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मुस्कान को आत्महत्या के लिए मजबूर किया गया है। पुलिस ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर किसी तरह परिजनों को शांत कराया।
दिसंबर 2023 में हुई थी शादी
मृतका मुस्कान महम के फरमाना गांव की निवासी थी। दिसंबर 2023 में उसकी शादी शीलू बल्हारा के साथ हुई थी और पिछले साल नवंबर में उनके घर एक बेटे, हार्दिक का जन्म हुआ था। मुस्कान के सोशल मीडिया अकाउंट पर सुसाइड से ठीक एक दिन पहले डाली गई एक रील अब चर्चा का विषय बनी हुई है।
कौन हैं शीलू बल्हारा?
मूल रूप से रोहतक के बहु अकबरपुर गांव के रहने वाले शीलू बल्हारा को कबड्डी की दुनिया में 'चीते' के नाम से जाना जाता है। एक किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले शीलू की खेल यात्रा बेहद प्रभावशाली रही है। जूडो और कुश्ती के बाद कबड्डी में अपना नाम बनाने वाले शीलू ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान हासिल की है। हाल ही में अमेरिका में आयोजित कबड्डी टूर्नामेंट में उन्हें 'बेस्ट कैचर' चुना गया था। शीलू की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वे कबड्डी टूर्नामेंट्स में अब तक 24 ट्रैक्टर, 50 से अधिक बुलेट मोटरसाइकिलें और ढेरों कृषि उपकरण जीत चुके हैं।
शीलू के पिता सुरेंद्र बल्हारा किसान हैं और परिवार में कबड्डी का जुनून काफी गहरा है। फिलहाल, पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्थिति पूरी तरह स्पष्ट हो पाएगी।
