इंदौर: महिला के रूप में जन्मे 49 वर्षीय व्यक्ति ने अनोखी शादी रचाई है। जी हां, एक व्यक्ति ने लिंग पुष्टिकरण सर्जरी कराया और बाद में अपनी बहन की सहेली के साथ शादी रचाई है। इस जोड़े ने प्रशासन से विवाह पंजीकरण का प्रमाणपत्र भी हासिल किया है। देश में "एलजीबीटीक्यूआईए+" समुदाय को लेकर जागरूकता बढ़ने के बीच यह अनूठी शादी खूब सुर्खियां बटोर रही है।
अस्तित्व और आस्था
शादी को मिली मान्यता
अधिकारियों ने शनिवार को बताया कि दो साल पहले लिंग पुष्टिकरण सर्जरी कराने वाले अस्तित्व (49) ने आस्था नाम की महिला से शादी के पंजीकरण की प्रक्रिया के दौरान वर के रूप में आवेदन किया। एडीएम रोशन राय ने बताया कि अस्तित्व ने अपने विवाह के पंजीकरण के आवेदन के साथ जरूरी मेडिकल प्रमाणपत्र एवं अन्य दस्तावेज भी प्रशासन के सामने प्रस्तुत किए।वर-वधू के साथ परिजन खुश
एडीएम ने कहा कि विवाह इस जोड़े की आपसी रजामंदी से हुआ और इसके खिलाफ किसी भी व्यक्ति ने प्रशासन के सामने कोई आपत्ति दायर नहीं की। नतीजतन तय प्रक्रिया के तहत उनके नाम विशेष विवाह अधिनियम के तहत शादी के पंजीकरण का प्रमाण पत्र जारी किया गया। इस बीच अस्तित्व और आस्था की शादी की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही हैं। इनमें से एक तस्वीर में विवाह के बाद घर पहुंचे वर-वधू का उनके परिजन आरती उतारकर ढोल की थाप पर स्वागत करते नजर आ रहे हैं।
