Indore Fire News: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। जहां घर में भीषण आग लगने से 8 लोगों की मौत हो गई। प्रारंभिक जांच में इलेक्ट्रिक वाहन की चार्जिंग के दौरान धमाका आग का कारण बताया गया है। जिसके बाद घर में रखे गैस सिलेंडरों और ज्वलनशील केमिकल्स के कारण आग तेजी से फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। जिसके बाद तुरंत बचाव कार्य शुरू किया गया। तीन लोगों को आग से सुरक्षित बचा लिया गया।
इंदौर में घर में लगी भीषण आग
घर में रखे थे 10 सिलेंडर
आग की यह घटना इंदौर के बृजेश्वरी एनेक्स आवासीय इलाके में हुई। आग इतनी भीषण थी कि पूरे घर को तेजी से अपनी चपेट में ले लिया। इंदौर के पुलिस कमिश्नर संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच में सामने आया है कि घर के बाहर एक इलेक्ट्रिक गाड़ी चार्ज हो रही थी। इसी दौरान चार्जिंग पॉइंट में धमाका हो गया, जिससे आग लग गई। यह आग कार से होते हुए पूरे घर में फैल गई। घटना के समय घर के अंदर 10 से अधिक गैस सिलेंडर रखे हुए थे। आग की चपेट में आने से इनमें से कुछ सिलेंडर फट गए, जिससे आग और भी ज्यादा भड़क गई और स्थिति बेहद गंभीर हो गई।बताया जा रहा है कि यह घर मनोज पुगालिया नाम के व्यक्ति का था, जो पॉलिमर का कारोबार करता था। घर में कुछ ज्वलनशील केमिकल भी रखे हुए थे, जिससे आग तेजी से फैल गई।
घर के दरवाजों पर लगे थे इलेक्ट्रॉनिक गेट
पुलिस ने बताया कि बुधवार तड़के 03:30 बजे से 04:30 बजे के बीच घर में आग लगी। जिसमें तन्मय (छह), राशि सेठिया (12), सिमरन (30), टीनू (35), सुमन सेठिया (60), विजय सेठिया (65), छोटू सेठिया (22) और मनोज (65) की मौत हो गई। आग लगने के बाद बचाए गए दो लोगों को भी अस्पताल लाया गया। पुलिस के अनुसार घर के दरवाजों पर इलेक्ट्रॉनिक लॉक लगे हुए थे। इस कारण पुलिस को दरवाजे तोड़कर अंदर जाने में मुश्किल हुई। आग लगने के दौरान घर में फंसे तीन लोगों को बाहर निकालकर बचाया गया है।
मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने घटना पर जताया शोक
घटना के बाद मौके पर पहुंचे राज्य के नगरीय विकास एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय पहुंचे। उन्होंने कहा कि , ’’यह दु:खद घटना सचेत करने वाली है क्योंकि ईवी को चार्ज किए जाने के दौरान मकान में आग लगी। हमने पुलिस और प्रशासन से कहा है कि विशेषज्ञों की समिति से विस्तृत जांच कराई जाए ताकि इस तरह की घटना दोबारा न हो।’’ विजयवर्गीय ने कहा कि इस घटना की जांच के साथ ही ईवी चार्ज किए जाने को लेकर एसओपी भी तैयार कराई जाएगी। उन्होंने कहा, ’’मौजूदा भू-राजनीतिक घटनाक्रम के कारण कच्चे तेल के भाव बढ़ने के मद्देनजर बिजली से चलने वाले वाहनों को लेकर लोगों का रुझान बढ़ रहा है। ऐसे में ईवी चार्ज किए जाने के दौरान सामने आया यह अग्निकांड हमें आगाह करता है।’’
