गर्मियों के मौसम की शुरुआत हो गई है। बच्चों के स्कूल भी शुरू हो चुके हैं और कुछ ही समय बाद गर्मियों की छुट्टियां भी शुरू हो जाएंगी। गर्मी की छुट्टी में कोई गांव जाता है तो कोई घूमने किसी हिल स्टेशन पर। कोई किसी दूसरे शहर अपनों से मिलने जाता है तो कोई धार्मिक यात्रा पर। इस दौरान शादियां भी खूब होती हैं। गर्मियों के सीजन में बढ़ती यात्रा मांग को देखते हुए Indian Railways ने 2026 के लिए समर स्पेशल ट्रेनों की शुरुआत की है।
भारतीय रेलवे ने शुरू की दो जोड़ी समर स्पेशल ट्रेनें
समर स्पेशल ट्रेने चलाने से रेलवे का उद्देश्य यात्रियों को भीड़भाड़ के दौरान कंफर्म टिकट और सुविधाजनक यात्रा विकल्प उपलब्ध कराना है। खासतौर पर उत्तर और पूर्वोत्तर भारत के यात्रियों को इससे बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। पूर्वोत्तर रेलवे (NER) ने गर्मियों के मौसम के लिए समर स्पेशल शुरू की है, ताकि पीक सीजन में भी किसी यात्री को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। इस योजना के तहत तीर्थयात्रियों और पर्यटकों के लिए प्रमुख रूट्स पर स्पेशल ट्रेनें चलाई जाएंगी।
छपरा-जम्मू तवी स्पेशल
छपरा से Jammu Tawi के बीच चलने वाली समर स्पेशल ट्रेन (05193/05194) 6 अप्रैल से 13 जुलाई 2026 तक हर सोमवार और बुधवार को चलेगी। यह ट्रेन गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद, सहारनपुर, अंबाला और लुधियाना जैसे उत्तर भारत के प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। ट्रेन इस रूट पर कुल 15-15 फेरे दोनों दिशाओं में लगाएगी, जिससे जम्मू-कश्मीर जाने वाले यात्रियों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
ये भी पढ़ें - दिल्ली के इन इलाकों में आज नहीं आएगा पानी
दोनों तरफ से ट्रेन खुलने का समय
छपरा से जम्मू तवी के लिए यह स्पेशल ट्रेन (05193) हर सोमवार दोपहर 2 बजे रवाना होगी। अगले दिन रात 10.15 बजे ट्रेन पठानकोट/जम्मू तवी पहुंचेगी। पठानकोट से छपरा के लिए स्पेशल ट्रेन (05194) बुधवार रात 12.30 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 9.15 बजे छपरा पहुंचेगी। दोनों तरफ इस स्पेशल ट्रेन में कुल 19 कोच होंगे, जिनमें से सेकेंड एसी कोच 2, थर्ड एसी कोच 6, थर्ड एसी इकोनॉमी 2, स्लीपर 5 और जनरल/चेयर कार 2 कोच होंगे।
Gorakhpur-लालकुआं-गोरखपुर वीकली स्पेशल
भारतीय रेलवे गोरखपुर-लालकुआं-गोरखपुर वीकली स्पेशल ट्रेन (05009/05010) भी चलाएगी, जो 10 अप्रैल से 11 जुलाई 2026 तक चलाई जाएगी। यह ट्रेन पूर्वी उत्तर प्रदेश को उत्तराखंड से जोड़ेगी और बस्ती, गोंडा, सीतापुर, लखीमपुर, मैलानी और पीलीभीत जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इन तीन महीनों के दौरान इस रूट पर कुल 14 ट्रिप्स संचालित होंगे।
गोरखपुर-लालकुआं स्पेशल की टाइमिंग
गोरखपुर से स्पेशल ट्रेन नंबर 05009 हर शुक्रवार को शाम 5.05 बजे उत्तराखंड में लालकुआं के लिए रवाना होगी। और अगले दिन सुबह 8 बजे हल्द्वानी के पास लालकुआं पहुंचेगी। लालकुआं से गोरखपुर के लिए स्पेशल ट्रेन नंबर 05010 हर शनिवार सुबह 10 बजे खुलेगी और अगले दिन यानी रविवार 1.15 बजे (देर रात) गोरखपुर पहुंच जाएगी। दोनों तरफ से इस यात्रा में स्पेशल ट्रेन को यात्रा पूरी करने में लगभग 15 घंटे से ज्यादा का समय लगेगा।
इन ट्रेनों में यात्रियों के लिए विभिन्न श्रेणियां उपलब्ध होंगी, जिनमें एसी, स्लीपर और जनरल कोच शामिल हैं, ताकि हर वर्ग के यात्री अपनी सुविधा के अनुसार सफर कर सकें। रेलवे ने रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण स्टेशनों को इन रूट में शामिल किया है, जिससे ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के यात्रियों को लाख मिलेगा।
यहां से बुक करें अपनी यात्रा की टिकट
रेलवे ने यात्रियों को सलाह दी है कि वे समय रहते टिकट बुक कर लें और नवीनतम जानकारी के लिए IRCTC की आधिकारिक वेबसाइट या NTES ऐप का इस्तेमाल करें। इन समर स्पेशल ट्रेनों से यात्रियों को भीड़भाड़ से राहत मिलने के साथ ही यात्रा का अनुभव भी बेहतर होगा।
यह स्पेशल ट्रेनें हैं, इनमें आम ट्रेनों के मुकाबले सीटें ज्यादा समय तक उपलब्ध रह सकती हैं। इन समर स्पेशल ट्रेनों में हर श्रेणी के यात्रियों के लिए कोच हैं, ताकि सभी अपने-अपने गंतव्य तक आसानी से पहुंच सकें। यह स्पेशल ट्रेनें मुरादाबाद, अंबाला और गोंडा जैसे बड़े स्टेशनों पर रुकेंगी।
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। शहर (Cities News in Hindi) अपडेट और ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
