Ahmedabad News: अहमदाबाद के सरखेज इलाके से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। 17 वर्षीय स्कूली छात्रा (12वीं कक्षा) को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में उसके प्रेमी की मां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। पुलिस जांच के अनुसार, महिला ने लड़की को मानसिक रूप से प्रताड़ित किया और उससे कहा था कि "अगर तुम मेरे बेटे से सच में प्यार करती हो, तो फांसी लगा लो"।
अहमदाबाद में नाबालिग ने की आत्महत्या (AI Image)
31 अगस्त की घटना और प्रेम प्रसंग
अहमदाबाद के सरखेज इलाके की रहने वाली 12वीं की छात्रा और आरोपी महिला का नाबालिग बेटा एक ही स्कूल में साथ पढ़ते थे और रिलेशनशिप में थे। लगभग 3-4 महीने पहले लड़की के परिजनों को इस रिश्ते के बारे में पता चला था। चूंकि दोनों नाबालिग थे, इसलिए लड़की के परिजनों ने लड़के के घर जाकर दोनों को अपनी पढ़ाई और करियर पर ध्यान देने की सलाह दी। हालांकि, दोनों के बीच बातचीत जारी रही।
स्कूल ग्राउंड में देखने के बाद बढ़ा विवाद
हाल ही में दोनों को स्कूल ग्राउंड में एक साथ बैठे देखा गया, जिसके बाद स्कूल के प्रिंसिपल ने दोनों के परिवारों को बुलाकर इसकी जानकारी दी। इससे नाराज होकर लड़के की मां लड़की के घर पहुंची। लड़की के पिता की शिकायत के मुताबिक, महिला ने करीब 30 मिनट तक उनकी बेटी से बहस की और उसे बुरी तरह मानसिक रूप से प्रताड़ित किया।
'अगर प्यार करती हो तो फांसी लगा लो'
लड़की के पिता द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के अनुसार, आरोपी महिला ने लड़की से कहा, अगर तुम मेरे बेटे से सच में प्यार करती हो, तो फांसी लगा लो। जब घर में कोई न हो, तब फांसी लगा लेना। तुम्हारे माता-पिता का ध्यान मैं रख लूंगी। महिला पर यह भी आरोप है कि उसने खुद दवा खाकर, फांसी लगाकर या छत से कूदकर आत्महत्या करने की धमकियां भी दीं।
अवसाद में आकर लड़की ने उठाया कदम
इस घटना और मानसिक प्रताड़ना के बाद 17 वर्षीय छात्रा गहरे तनाव में आ गई और उसने 31 अगस्त को अपने घर पर आत्महत्या कर ली। लड़की की मौत के बाद परिजनों ने सरखेज पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई। परिजनों ने पुलिस को लड़की और आरोपी महिला के बीच हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग सौंपी। महिला के घर आने का CCTV फुटेज प्रमाण के तौर पर जमा कराया।
आरोपी महिला गिरफ्तार
सरखेज पुलिस ने ऑडियो रिकॉर्डिंग, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों की जांच के बाद महिला के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया। कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है और पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।
