Hyderabad Crime: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद स्थित हफीजपेट रेलवे स्टेशन (Hafizpet Railway Station) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां सुरक्षा में तैनात एक होम गार्ड ने महिला के साथ जमकर मारपीट की और उसके बाल खींचकर उसे घसीटा। इस पूरी बर्बरता का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस और रेलवे प्रशासन ने तुरंत कड़ा संज्ञान लिया और आरोपी होम गार्ड आनंद को गिरफ्तार कर लिया है।
हैदराबाद में खाकी की हैवानियत
मामले की जानकारी देते हुए साइबराबाद के पुलिस कमिश्नर रमेश ने बताया कि आरोपी होम गार्ड आनंद को हिरासत में ले लिया गया है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जा रहा है। इसके साथ ही आरोपी की सेवा समाप्त कर उसका नाम होम गार्ड के रोल से हमेशा के लिए हटा दिया गया है। पुलिस कमिश्नर ने सख्त लहजे में कहा कि तेलंगाना पुलिस महिलाओं के खिलाफ किसी भी प्रकार के अपराध या हिंसा को बर्दाश्त नहीं करती और इस मामले में 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई जा रही है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: Noida Hit and Run Case: पहले कार से स्टंटबाजी, फिर छात्रों पर चढ़ाई गाड़ी; मालिक-ड्राइवर गिरफ्तार, CCTV ने खोला पूरा राज
इस घटना पर क्या बोली दक्षिण मध्य रेलवे ?
दक्षिण मध्य रेलवे ने भी इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि हफीजपेट रेलवे स्टेशन पर हुई इस घटना की जांच की गई थी। आरोपी जवान तेलंगाना राज्य पुलिस का होम गार्ड था, जो आरपीएफ (RPF) में प्रतिनियुक्ति पर तैनात था। मामला सामने आते ही उसे मूल विभाग में वापस भेज दिया गया ताकि कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सके।
तेलंगाना के DGP ने जाहिर किया अपना गुस्सा
इससे पहले तेलंगाना के पुलिस महानिदेशक (DGP) सीवी आनंद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए कहा था कि पुलिस बल के किसी भी कर्मचारी द्वारा किया गया ऐसा व्यवहार अक्षम्य है। उत्तेजना चाहे जो भी रही हो, इस तरह की हरकत दिए गए प्रशिक्षण और निर्देशों का सीधा उल्लंघन है। उन्होंने तुरंत साइबराबाद सीपी को मामले में आपराधिक मामला दर्ज कर सख्त कानूनी कदम उठाने का निर्देश दिया, जिसके बाद यह बड़ी कार्रवाई हुई।
