हरियाणा कांग्रेस की पूर्व नेता सुचित्रा देवी के पति गौरव कुमार ने हाल ही में दावा किया था कि विधानसभा चुनाव में टिकट के बदले उन्होंने कांग्रेस के कई बड़े नेताओं को करीब 7 करोड़ रुपए दिए थे, लेकिन न टिकट मिला और ना ही अब पैसे लौटाए जा रहे हैं। अब उन्होंने बड़ा ऐलान करते हुए कहा है कि उन्हें कांग्रेस के कई बड़े नेताओं की तरफ से अलग अलग लोगों के माध्यम से धमकी दी जा रही हैं। पुलिस भी उनकी शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं कर रही है, इसलिए वो अब अगली दुर्गा अष्टमी को राहुल गांधी के घर के सामने आत्मदाह करेंगे और इससे पहले वो कांग्रेस के कई बड़े नेताओं का चिट्ठा भी खोलेंगे, उनके पास कई नेताओं के खिलाफ अहम सबूत हैं।
गौरव कुमार ने कहा कांग्रेस पार्टी का हाई कमान कितना मजबूर हो चुका है, कभी वो मध्य प्रदेश में मजबूर हो जाता है और ज्योतिरादित्य सिंधिया को राहुल गांधी समय नहीं देते हैं और वो पार्टी छोड़ देते हैं। कभी वह असम में मजबूर हो जाते हैं और हिमांता बिस्वा शर्मा जैसे बड़े नेता पार्टी छोड़ जाते हैं। कभी वो अशोक गहलोत और सचिन पायलट के बीच में मजबूर हो जाता है। हरियाणा में अभी राज्यसभा का चुनाव हुआ था, उड़ीसा में जब तीन विधायकों ने क्रॉस वोटिंग किया, उनको पार्टी से निकाल दिया गया लेकिन हरियाणा में ऐसा नहीं हुआ। यहां पांच विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की, लेकिन बावजूद इसके उनको सिर्फ कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उनके खिलाफ कोई एक्शन नहीं लिया गया। एक दलित नेता को राज्यसभा को उम्मीदवार बनाया गया, उसका जब नामांकन पत्र दाखिल हुआ था, उस वक्त हरियाणा की सबसे बड़ी दलित नेत्री, वहां मौजूद नहीं थी। ऐसी क्या मजबूरी है, हरियाणा में एक बार फिर से कांग्रेस आलाकमान मजबूर नजर आ रही है। हरियाणा कांग्रेस में इतनी गुटबाजी बढ़ती जा रही है कि कांग्रेस वापसी नहीं कर पा रही है, हरियाणा कांग्रेस का प्रभारी बीके हरिप्रसाद को बनाया गया। राव नरेंद्र को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया लेकिन वो भी मजबूर साबित हुए। राहुल गांधी की तो दूर की बात है, केसी वेणुगोपाल भी नेताओं को टाइम नहीं दे पा रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि क्या कांग्रेस को गांधी परिवार डुबो रहा है या उनका स्टाफ कांग्रेस को डुबो रहा है, इस सवाल का जवाब कांग्रेस दे। मैंने पिछले 15 दिनों से ज्यादा समय से शिकायत की थी, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल से मिलने का समय मांगा था, पुलिस को भी हमने शिकायत दी थी। केरल के डीजीपी को भी सभी सुबूत दिए हैं, लेकिन अभी तक कोई एक्शन नहीं लिया गया। तीन दिन पहले मुझे कांग्रेस के एक सांसद ने दिल्ली में बुलाया उन्होंने मेरा उपहास किया। मेरे बयान दर्ज हो चुके हैं, 3 तारीख को मैंने शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन पुलिस ने अभी तक मामला दर्ज नहीं किया। पुलिस अभी जांच ही कर रही है। जब मैंने सारे सबूत बैंक के स्टेटमेंट दे दिए, फिर FIR क्यों नहीं दर्ज की जा रही है।
