Delhi Newlywed Woman Death: दिल्ली के लोधी कॉलोनी इलाके में नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) के एक आवासीय परिसर की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर गिरने के बाद 28 वर्षीय नवविवाहिता की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने सोमवार को जानकारी देते हुए बताया कि महिला के परिजनों ने उसके पति और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने तथा उसकी हत्या करने का आरोप लगाया है।
शादी के ढाई महीने बाद हुई महिला की मौत, अब पति गिरफ्तार
24 अप्रैल को हुई थी शादी
पुलिस के अनुसार, पुष्प विहार निवासी आकृति शनिवार को पालिका कुंज स्थित एनडीएमसी फ्लैट्स के बी-ब्लॉक की तीसरी मंजिल से कथित तौर पर गिरने के बाद गंभीर रूप से घायल हो गई थी। उसे तत्काल एम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बता दें कि 28 साल की आकृति की शादी इसी साल 24 अप्रैल को हुई थी। वह छतरपुर स्थित एक प्राइवेट कंपनी में सेल्स एग्जीक्यूटिव के पद पर कार्यरत थी।
पति को किया गया गिरफ्तार
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद रविवार को लोधी कॉलोनी थाने में दहेज मृत्यु से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और महिला के पति अरस्तु सिक्का को गिरफ्तार किया गया है। इससे पहले अधिकारियों ने बताया था कि चूंकि महिला की मौत शादी के सात साल के भीतर हुई है, इसलिए कानून के तहत जरूरी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। मामले की जांच के लिए उप-मंडल मजिस्ट्रेट (एसडीएम) को भी सूचित कर दिया गया था।
आत्महत्या का रूप देने की कोशिश
मायके पक्ष ने आत्महत्या की आशंका को खारिज करते हुए आरोप लगाया है कि कथित तौर पर दहेज के लिए आकृति की हत्या की गई है। आकृति के छोटे भाई ने आरोप लगाया कि दोषियों को बचाने के लिए इस घटना को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की जा रही है। मृतका के परिजनों का यह भी आरोप है कि शादी के बाद से ही आकृति का पति उससे मारपीट करने लगा और दहेज के लिए प्रताड़ित करने लगा। परिवार के अनुसार, यह लव मैरिज थी, जिसे दोनों परिवारों की सहमति प्राप्त थी। उन्होंने कहा कि शादी को महज ढाई महीने हुए थे। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है।
