Hubballi News: कर्नाटक के हुबली से एक अनोखा और दिलचस्प मामला सामने आया है। यहां एक दूल्हा-दुल्हन अपनी शादी के रिसेप्शन में शारीरिक रूप से नहीं पहुंच सके, लेकिन उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कार्यक्रम में हिस्सा लिया। जानकारी के अनुसार, यह जोड़ा इंडिगो एयरलाइंस की कई उड़ानों रद्द होने के कारण रिसेप्शन में नहीं पहुंच पाया। हालांकि, रिसेप्शन की तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और सभी मेहमान उपस्थित थे, इसलिए उन्होंने टेक्नोलॉजी का सहारा लेकर वर्चुअली समारोह में शामिल होने का निर्णय लिया।
सॉफ्टवेयर इंजीनियर है दंपति
दुल्हन की पहचान मेधा क्षीरसागर के रूप में हुई है, जो हुबली की निवासी हैं। दूल्हा संगमा दास ओडिशा के भुवनेश्वर से हैं और दोनों बेंगलुरु में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के रूप में काम करते हैं। 23 नवंबर को इनकी शादी भुवनेश्वर में संपन्न हुई थी, जबकि बुधवार को दुल्हन के होमटाउन हुबली में गुजरात भवन में रिसेप्शन आयोजित होना था। इस रिसेप्शन के लिए उन्होंने 2 दिसंबर को भुवनेश्वर से बेंगलुरु और फिर हुबली तक की इंडिगो फ्लाइट्स बुक की थीं।
इस वजह से हुई फ्लाइट रद्द
लेकिन पायलटों की कमी के कारण कई उड़ानों के रद्द होने से इस योजना में अप्रत्याशित बाधा आ गई। बताया जा रहा है कि, इस वजह से उनकी फ्लाइट में सुबह 9 बजे से ही देरी होने लगी और यह स्थिति 3 दिसंबर की सुबह तक जारी रही। लगातार देरी के बाद आखिरकार 3 दिसंबर को उनकी फ्लाइट रद्द कर दी गई, जिससे दूल्हा-दुल्हन हुबली नहीं पहुंच पाए। साथ ही, उनके कई रिश्तेदार जो भुवनेश्वर से मुंबई होते हुए हुबली आ रहे थे, वे भी उड़ान रद्द होने के कारण समय पर नहीं पहुंच सके। हालांकि, काफी मेहमान पहले ही पहुंच चुके थे और रिसेप्शन की सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए अटेंड किया रिसेप्शन
इस परिस्थिति में दुल्हन के माता-पिता स्टेज पर बैठकर रिसेप्शन की रस्में पूरी कीं। वहीं दूल्हा और दुल्हन भुवनेश्वर में पूरी तैयारी के साथ मौजूद थे और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम में शामिल हुए। दुल्हन की मां ने बताया कि इस घटना से उन्हें दुख हुआ, लेकिन चूंकि कई रिश्तेदार पहले ही आ चुके थे और कार्यक्रम रद्द करना संभव नहीं था, इसलिए उन्होंने यह निर्णय लिया कि दूल्हा-दुल्हन ऑनलाइन ही रिसेप्शन में भाग लेंगे।
