महाशिवरात्रि के बीच मंडी में मातम; खाई में जा गिरी जीप, 3 युवकों की मौत, एक की हालत गंभीर

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सेराज क्षेत्र में रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे ने उत्सव के माहौल को मातम में बदल दिया। बुनालीधार के पास एक जीप के गहरी खाई में गिरने से तीन युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल है। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने अंधेरे और ठंड के बीच साहस दिखाते हुए राहत व बचाव कार्य में अहम भूमिका निभाई।

Mandi Road Accident: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के सेराज विधानसभा क्षेत्र में आज सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके को शोक में डुबो दिया। जहां एक ओर शिवरात्रि महोत्सव की खुशियां मनाई जा रही हैं, वहीं दूसरी ओर इस दुर्घटना ने माहौल को गमगीन कर दिया है। रविवार तड़के करीब चार बजे बुनालीधार के पास एक जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। वाहन में चार युवक सवार थे, जो आपस में मित्र थे और घर से साथ निकले थे। इस हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Tragic Road Accident in Mandi

मंडी में दर्दनाक सड़क हादसा

जंजैहली के एसएचओ रामकृष्ण के अनुसार, रविवार तड़के चारों युवक बिना परिजनों को बताए वाहन लेकर घर से निकल गए थे। घर से कुछ ही दूरी पर लंबाथाच-कलहणी मार्ग पर बुनालीधार के समीप उनकी गाड़ी अचानक नियंत्रण से बाहर होकर लगभग 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। वहां दो युवक वाहन से बाहर गिरे हुए मिले, जबकि दो अंदर फंसे थे। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए सभी को बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि तीसरे ने भी कुछ समय बाद दम तोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई।

End of Feed