Burhanpur Heavy Rain: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में मानसून की एंट्री के बाद से ही जन-जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। आज शुक्रवार को तेज बारिश के बाद अंकलेश्वर नेशनल हाईवे पूरी तरह पानी में डूब गया। ग्राम लोनी के पास हालात ऐसे बन गए कि हाईवे नदी जैसा दिखाई देने लगा। आसपास के कई गांवों की सड़कें भी जलभराव की चपेट में आ गईं। हाईवे पर पानी भरने की वजह से करीब एक घंटे तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा, जिससे वाहन चालकों और राहगीरों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। यह मार्ग मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र को जोड़ने वाला एक महत्वपूर्ण नेशनल हाईवे है। लगातार हुई मूसलाधार बारिश से बुरहानपुर शहर के निचले इलाकों में भी जलभराव की स्थिति बन गई। हरिरपुरा, मोमिनपुरा, लोहार मंडी, रोशन चौक और मंडी बाजार सहित कई क्षेत्रों में सड़कें पानी में डूब गईं। कई जगह बारिश का पानी दुकानों के अंदर तक घुस गया, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी उठानी पड़ी।
बुरहानपुर में मुसलाधार बारिश के बाद ऐसे दिखे हालात
27 जून को ऐसा रहेगा मौसम का हाल
वहीं 27 जून को मध्य प्रदेश के बुरहानपुर क्षेत्र में मौसम के मिलेजुले हालात बने रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार यहां दिनभर बादल छाए रह सकते हैं और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है। कुछ इलाकों में अचानक तेज बारिश या आंधी-तूफान की स्थिति भी बन सकती है। इस दौरान बिजली गिरने और तेज हवाओं के चलने का भी अनुमान है, जिनकी गति लगभग 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है और झोंकों में यह और अधिक भी हो सकती है। कुल मिलाकर दिनभर मौसम अस्थिर और परिवर्तनशील रहने की संभावना है, जिससे लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी जाती है।
बुधवार को भी हुई थी मूसलाधार बारिश
इससे पहले 24 जून यानी बुधवार को भी पांच घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। भारी वर्षा के कारण क्षेत्र के कई नदी-नाले उफान पर थे, जिससे मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के बीच संपर्क बाधित हो गया। बुरहानपुर को महाराष्ट्र के रावेर से जोड़ने वाला अंतरराज्यीय मार्ग जलभराव और तेज बहाव के चलते बंद हो गया। इसके कारण सैकड़ों वाहन चालक और राहगीर रास्ते में फंस गए तथा उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से जलमग्न और तेज बहाव वाले मार्गों से दूर रहने की अपील की थी। सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में पुलिस बल भी तैनात किया गया थ।
