शहर

IMD की चेतावनी : अगले पांच दिन भारी, प्रचंड हीटवेव और बारिश का अलर्ट; अब और जल्दी आएगा मानसून

दिल्ली-एनसीआर सहित देश के कई इलाकों में बुधवार रात हुई बारिश ने भले ही तापमान में गिरावट लाकर गर्मी से राहत दी हो। लेकिन अगले पांच दिन देश पर भारी पड़ने वाले हैं। देश के कुछ इलाकों में प्रचंड हीटवेव की चेतावनी दी गई है, जबकि कुछ इलाकों में भारी बारिश से जीवन अस्त-व्यस्त हो सकता है।

Image

अगले पांच कैसा रहेगा मौसम का हाल, यहां जानें

Photo : Times Now Digital

नई दिल्ली : कल यानी बुधवार 21 मई की रात दिल्ली-एनसीआर में जिस तरह से आंधी तूफान और फिर बारिश और ओले भी गिरे, उससे प्रदूषण व गर्मी से तो राहत मिली है, लेकिन पेड़ टूटने, खंबे और होर्डिंग गिरने से कई जगह नुकसान भी काफी हुआ है। ग्रेटर नोएडा में तो एक महिला के ऊपर ऊंचाई से ग्रिल गिरी, जिसमें महिला का सिह ही धड़ से अलग हो गया। दिल्ली-एनसीआर के तमाम इलाकों में पेड़ गिरने से गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। भारत मौसम विभाग (IMD) ने अगले पांच दिन तक मौसम से जुड़ी चेतावनी जारी की है। चलिए जानते हैं अगले पांच दिनों में कैसी रहेगी मौसम की चाल -

यहां भारी बारिश की चेतावनी

IMD के अनुसार पश्चिमी तटीय इलाकों में अगले पांच दिन भारी बारिश की आशंका है। महाराष्ट्र, कोंकण तट, गोवा और तटीय आंध्र प्रदेश के साथ ही केरल इस भारी बारिश से प्रभावित रहेंगे। इसके अलावा पूर्वी और सेंट्रल इंडिया में भी झमाझम बारिश के साथ ही थंडरस्टॉर्म, बिजली गिरने और तेज धूलभरी आंधी चल सकती है।

यहां प्रचंड हीटवेव का अलर्ट

मौसम विभाग ने पूरे देश के लिए मल्टी हैजार्ड वॉर्निंग जारी की है। यानी अगले पांच दिनों में देश के अलग-अलग हिस्सों में कहीं भीषण गर्मी और हीट वेव की चेतावनी दी गई है तो कहीं पर भारी बारिश से जीवन अस्त-व्यस्त होने की आशंका है। खास तौर पर बात करें उत्तर-पस्चिमी भारत की तो यहां पर लू का प्रकोप बहुत ज्यादा देखने को मिलेगा और धूल भरी आंधी से भी लोग परेशान रहेंगे। यहां वॉर्म नाइट के कारण रात को गर्मी की वजह से नींद में भी खलल पड़ेगा।

इस साल यह पहली बार है जब मई के महीने में पूरे उत्तर-पश्चिमी भारत में भीषण लू का प्रकोप देखने को मिलेगा। आमतौर पर मई का महीना सबसे गर्म होता है, लेकिन इस साल अब तक लगातार आते पश्चिमी विक्षोभों (Western Disturbances) के चलते हुई बारिश के कारण मई में गर्मी कम पड़ी है।

दिल्ली से लेकर जम्मू तक गर्मी का प्रकोप

मौसम विभाग ने भविष्यवाणी की है कि दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, पंजाब और राजस्थान में शनिवार 24 मई तक लू का प्रकोप रहेगा। इसके अलावा राजस्थान, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू और कश्मीर, पंजाब में वॉर्म नाइट का सर रहेगा। यानी इन जगहों पर रात को भी गर्मी से राहत मिलने वाली नहीं है। इसके अलावा ओडिशा के कुछ इलाकों में गर्म और आद्र (Hot and Humid Conditions) मौसम रहने की संभावना है।

यहां तेज हवाएं करेंगी परेशान

उत्तर-पश्चिमी राज्यों में अगले पांच दिन तक थंडरस्टॉर्म और बिजली गिरने की संभावनाएं हैं। उत्तर-पश्चिमी राज्यों में विशेषतौर पर पश्चिमी राजस्थान में अगले दो दिन में 40-50 किमी प्रति घंटी की रफ्तार से धूल भरी आंधी चल सकती है। इसके अलावा मौसम विभाग का कहना है कि पश्चिमी हिमालायी क्षेत्र यानी जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में 40-50 KMप्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलेंगी।

कैसा रहेगा तापमान का हाल

मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन दिन में पारा में अचानक भारी बढ़ोतरी देखने को नहीं मिलेगी। हालांकि, IMD के अनुसार अगले चार दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिमी भारत और सेंट्र इंडिया में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट देखने को मिलेगी।

क्यों ऊटपटांग हो रहा मौसम

IMD के अनुसार मौसम के इस तरह ऊटपटांग होने के पीछे कई वेदर सिस्टम हैं, जिससे दक्षिण और पूर्वी भारत में मौसम के अलग ही रंग देखने को मिल रहे हैं। इनमें से एक है पूर्वी और मध्य अरब सागर में अपर एयर साइक्लोनिक सर्कुलेशन है। जो उत्तर कर्नाटक और गोवा के तट पर बना हुआ है। यहां एक कम दबाव के क्षेत्र भी बन रहा है और एक ट्रफ लाइन उत्तर कर्नाटक से तटीय आंध्र प्रदेश तक गुजर रही है, जिसके कारण पूरे क्षेत्र में जमकर बारिश हो रही है।

अब और पहले आएगा मानसून

इस वेदर सिस्टम के चलते कर्नाटक, महाराष्ट्र, गोवा, गुजरात, आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और पुडुच्चेरी में अगले तीन दिन तक बहुत भारी बारिश के साथ ही थंडरस्टॉर्म और बिजली चमकने की संभावना है। पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भी इस दौरान ठीकठाक अनुपात में बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा IMD ने मानसून के आगमन को लेकर अपनी भविष्यवाणी में बदलाव किया है। पहले कहा गया था कि 31 मई-1 जून की बजाय 27 मई को ही मानसून केरल तट पर पहुंच जाएगा। अब मौसम विभाग का कहना है कि मानसून 24-25 मई को ही दस्तक दे देगा।

Digpal Singh
दिगपाल सिंह author

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी... और देखें

End of Article