Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में बीती रात तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश और ओलावृष्टि हुई। इस दौरान ग्रेटर नोएडा में बिजली के पोल गिरने, पेड़ और हॉर्डिंग गिर गए। कई इलाकों में बिजली के पोल गिरने से बिजली व्यवस्था बाधित रही। तेज आंधी और बारिश के कारण हुए हादसों में अलग-अलग स्थानों से 3 लोगों की मौत की खबर सामने आई है। मिली जानकारी के अनुसार, एनटीपीसी टाउनशिप में शाम को वॉक के लिए घर से बाहर निकले एक टिचर पर पेड़ गिर गया, जिससे उनकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 45 वर्षीय रामकृष्ण के रूप में हुई है।
आंधी-तूफान ने ली नानी-नाती की जान
ग्रेटर नोएडा के थाना सूरजपुर इलाके में आए तूफान में 22वीं मंजिल से रेलिंग गिरने से एक 50 वर्षीय महिला की मौके पर मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, रेलिंग गिरने से सुनीता नाम की महिला का सिर धड़ से अलग हो गया। इस घटना में महिला का 2 वर्षीय नाती भी गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। बताया जा रहा है कि इलाज के दौरान बच्चे की भी मौत हो गई है। बताया जा रहा है कि महिला कुछ दिन के लिए अपनी बेटी और दमाद के घर रहने आई थी।
सीएम योगी ने राहत कार्य चलाने के दिए निर्देश
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आंधी-बारिश और ओलावृष्टि के दृष्टिगत संबंधित जनपदों के अधिकारियों को पूरी तत्परता से राहत कार्य संचालित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि अधिकारी क्षेत्र का भ्रमण कर सर्वे करें तथा राहत कार्य पर नजर रखें। आकाशीय बिजली, आंधी तूफान, बारिश आदि आपदा से जनहानि और पशुहानि होने की स्थिति में तत्काल प्रभावितों को राहत राशि का वितरण करें। घायलों का समुचित उपचार कराया जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देशित किया कि अधिकारीगण सर्वे कराकर फसल नुकसान का आकलन करते हुए आख्या शासन को भेजें, ताकि इस सम्बन्ध में अग्रेत्तर कार्यवाही की जा सके। उन्होंने निर्देशित किया कि जल जमाव की स्थिति होने पर प्राथमिकता पर जल निकासी की व्यवस्था कराई जाए।
