शहर

कल का मौसम 23 May 2025 : मूसलाधार बारिश के साथ आ रहा तूफान, ओलावृष्टि-बिजली से रहें सावधान; IMD का बड़ा अलर्ट

मौसम विभाग ने इस सप्ताह दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान के कुछ हिस्सों में तेज आंधी के साथ बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। उधर, दक्षिणी और पश्चिमी राज्यों में प्री मानसून की गतिविधियां होने से तेज बारिश की संभावना व्यक्त की गई है। आईएमडी का कहना है कि खराब मौसम के बीच आकाशीय बिजली और ओलावृष्टि होने की प्रबल संभावना है, लिहाजा लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Image

कल का मौसम

देशभर में मौसम का मिजाज बिगड़ चुका है। भीषण गर्मी के बीच बादलों ने राहत की बूंदे बरसाई हैं। प्री मानसून की सक्रियता से दक्षिणी और पश्चिमी राज्यों में तेज हवाओं के साथ बारिश का दौर देखा जा रहा है। दक्षिण और पश्चिम में यह दौर 24 से 27 मई तक जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने निचले इलाकों में जलभराव के बीच आकाशीय बिजली से सावधान रहने की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 24 घंटे के दौरान उत्तर भारत और पूर्वोत्तर में भी मौसमी गतिविधियां देखने को मिलेंगी। आईएमडी का कहना है कि दिल्ली-एनसीआर में रविवार तक आंधी और बारिश की गुंजाइश बनी हुई है। इधर, यूपी, बिहार और राजस्थान के अलावा अन्य राज्यों में आंधी और बारिश के साथ ओले गिरने की चेतावनी जारी की गई है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, केरल, कर्नाटक में भी भारी बारिश की संभावना है। अगर, मौसम का पूर्वानुमान सही साबित होता है तो फिलहाल लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत महसूस होगी।

शहर का नामन्यूनतम तापमानअधिकतम तापमान
दिल्ली28 °C37 °C
मुंबई27 °C33 °C
लखनऊ27 °C33 °C
पटना27 °C33 °C
भोपाल24 °C37 °C
जयपुर 30 °C41 °C
कोलकाता27 °C34 °C
बेंगलुरु21 °C28 °C
चेन्नई28 °C35 °C
देहरादून22 °C31 °C
शिमला15 °C26 °C
कश्मीर10 °C22 °C

दिल्ली में कल का मौसम

दिल्ली-एनसीआर में पिछले दो दिन से मौसम का मिजाज खराब है। 21 मई को भीषण आंधी-तूफान के साथ ओलावृष्टि हुई, जिसने भारी तबाही मचाई। हालांकि, आंधी और बारिश के कारण तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की कमी आई और मौसम कूल-कूल सा हो गया। अब आईएमडी ने अगले तीन दिन के लिए मौसम का पूर्वानुमान जारी किया है, जिसके मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में बादलों की आवाजाही लगी रहेगी और कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 23 मई और 24 मई को उमस के बीच बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत की उम्मीद है।

एनसीआर में कैसा रहेगा मौसम

मौसम विभाग ने बताया कि नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद, फरीदाबाद और गुरुग्राम के अधिकांश इलाकों में भीषण बारिश दर्ज की गई। भयंकर तूफान के कारण भारी नुकसान हुआ और कई लोगों की मौत और घायल होने की खबर आई। भयंकर गरज चमक के साथ अधिकांश हिस्सों में तूफान आया, जिस कारण कई होल्डिंग और पेड़ उखड़ गए, जिनकी चपेट में आने से लोगों को जान गंवाना पड़ गया। भीषण तूफान की वजह से बिजली गुल होने के साथ मेट्रो ट्रेनें भी प्रभावित रहीं। एयरपोर्ट से फ्लाइटों का परिचालन स्थगित करना पड़ गया। मौसम विभाग ने फिलहाल आंधी बारिश का अलर्ट जारी रखा है। लिहाजा, लोगों को ओलावृष्टि और आंधी से सावधान रहने की जरूरत है। मौसम विभाग के मुताबिक सप्ताहांत में मौसमी गतिविधियां होने के कारण मई महीने में दिल्ली-एनसीआर में लू की लहर नजर नहीं आएगी।

यूपी में कल कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश में भी मौसमी गतिविधियां देखने को मिल रही है। भीषण गर्मी के बीच पूरे राज्य में मौसम का मिजाज बदला होने के कारण लोगों को भीषण गर्मी से मामूली राहत की उम्मीद नजर आ रही है। मौसम विभाग ने बताया कि तराई और पूर्वी जिलों में बूंदाबांदी जारी रह सकती है। उधर, बुंदेलखंड के हिस्सों में बांदा, चित्रकूट और झांसी में लू जैसे हालात हैं। आईएमडी ने प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार को प्रदेश भर में हल्की से मध्यम बारिश का सिलसिला शुरू होगा, जो 28 मई तक जारी रह सकता है। इस दौरान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक तापमान में कमी आ सकती है, जो भीषण गर्मी के बीच काफी राहत से कम नहीं होगी।

बिहार में कैसा रहेगा मौसम

बिहार में भीषण गर्मी के बीच मौसम ने काफी राहत दी है। मौसम विभाग ने राज्य में मानसून के जल्दी से आने की उम्मीद जताई है। इस बार 13 से 14 जून तक कई जिलों में मानसूनी बारिश दस्तक दे सकती है, जिससे लोगों की गर्मी से काफी राहत मिलेगी। फिलहाल, राज्य के उत्तरी और पूर्वी भाग के जिलों में तेज आंधी के साथ बारिश की संभावना व्यक्त की जा रही है। मधुबनी, सीतामढ़ी और दरभंगा में ठनका (आकाशीय बिजली) गिरने का रेड अलर्ट जारी किया गया है। अन्य जिलों में 60 किलोमीटर प्रति घंटे के आसपास तेज हवाएं चल सकती हैं।

राजस्थान का मौसम

राजस्थान में गर्मी से हाल बेहाल है। मौसम विभाग ने अगले तीन दिन तक बीकानेर और जोधपुर संभाग में हीटवेव जारी रहने की संभावना जताई है। यहां अधिकतम तापमान 46 से 48 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है। हालांकि, 23 मई से राज्य के कई हिस्सों में मेघगर्जन के साथ तेज आंधी और हल्की बारिश का पूर्वानुमान भी जारी किया गया है।

गुजरात में चक्रवात

गुजरात के समुद्री तटों पर संभवित चक्रवात के चलते मौसम विभाग ने चेतावनी जारी की है। विभाग ने ओखा कोस्टगार्ड द्वारा मछवारो को समुद्र किनारे पहुचने की सूचना दी गई। समुद्री इलाको में कोस्टगार्ड एलर्ट पर हैं। ओखा कोस्टगार्ड के जवानों और समुद्र किनारे मछुआरों को वापस लौट आने की सूचना दी जा रही है।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमार author

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ... और देखें

End of Article