Ganga Expressway Accident: संभल के गंगा एक्सप्रेसवे पर गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। जानकारी के मुताबिक, एक्सप्रेसवे के एक निर्माणाधीन हिस्से पर एक कार और एक पिकअप गाड़ी की आमने-सामने भिड़ंत हो गई जिसमें छह लोगों की मौत हो गई, जिनमें तीन बच्चे भी शामिल थे, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह जानकारी पुलिस ने दी।
गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा
हादसा हयातनगर क्षेत्र के धतूरा रसूलपुर गांव के पास हुआ, जहां अधूरे एक्सप्रेसवे के एक ही लेन पर दोनों वाहन तेज रफ्तार से आ रहे थे। अधूरे निर्माण के कारण दोनों वाहनों का आमना-सामना हो गया और टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कुलदीप कुमार के अनुसार, “दोनों वाहन उसी लेन पर चल रहे थे और तेज गति के कारण आमने-सामने टकरा गए। टक्कर की तीव्रता से साफ है कि दोनों की स्पीड काफी ज्यादा थी।” मृतकों की पहचान रेनू (35), सत्यवती (50), रिया (नौ), भास्कर (सात), कपिल (11) और गीता (40) के रूप में हुई है।
