हरियाणा के झज्जर जिले में दिल्ली-रोहतक नेशनल हाईवे पर रोहद टोल के पास स्पेशल टास्क फोर्स (STF) रोहतक की टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने 25 हजार जिंदा कारतूसों का भारी जखीरा दो गाड़ियों से बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से आठ मोबाइल फोन भी मिले हैं। STF हरियाणा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बरामदगी की पुष्टि की है।
हरियाणा में दो गाड़ियों से 25 हजार जिंदा कारतूस बरामद, पांच गिरफ्तार
दो गाड़ियों से मिले 25 हजार कारतूस
STF की रोहतक टीम को बिहार STF से सूचना मिली थी कि हथियारों और कारतूसों की बड़ी खेप सप्लाई की जा रही है। इसके बाद टीम ने झज्जर जिले के रोहद में त्रिवेणी ढाबे के सामने सड़क किनारे खड़ी दो संदिग्ध गाड़ियों की तलाशी ली। इनमें टाटा हैरियर (UP 80 FN 8346) और हुंडई ऑरा (UP 24 BL 9209) शामिल थीं। तलाशी के दौरान टाटा हैरियर से KF 7.65 और BMM KF बोर के 24,400 जिंदा कारतूस मिले। वहीं, हुंडई ऑरा से BMM KF अंकित 600 कारतूस बरामद हुए। इस तरह दोनों गाड़ियों से कुल 25 हजार कारतूस बरामद किए गए। आरोपी इन कारतूसों से जुड़ा कोई भी वैध लाइसेंस पेश नहीं कर सके।
बदायूं के पांच आरोपी गिरफ्तार
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अफीफुद्दीन उर्फ मुन्ना खान (49), आसिम रईस (33), सबलू खान (32), अरबाज अली (27) और जीनत (33) के रूप में हुई है। सभी उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के रहने वाले हैं। पुलिस ने दोनों गाड़ियों, कारतूसों और आठ मोबाइल फोन को कब्जे में ले लिया है।
बिहार से सिरसा तक फैले नेटवर्क की जांच
STF के अनुसार, बिहार STF ने इससे एक दिन पहले भोजपुर जिले में कार्रवाई कर लल्टू नाम के व्यक्ति और उसके साथियों को पकड़ा था। उनके पास से करीब 20 हजार कारतूस बरामद हुए थे। जांच में सामने आया कि लल्टू का संपर्क अफीफुद्दीन उर्फ मुन्ना खान से था और उसने उससे कारतूस लिए थे।
प्रारंभिक जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी मुन्ना खान बदायूं के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में बदायूं गन हाउस चलाता है। वह सिरसा गया था, जहां उसने महक गन हाउस के मालिक विजय गोयल से कारतूसों की खेप ली थी। मामले में बहादुरगढ़ के असौधा थाने में आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है। अब हरियाणा, बिहार और यूपी पुलिस मिलकर इस अवैध हथियार सप्लाई सिंडिकेट के मुख्य सोर्स और गन हाउसों की भूमिका की गहराई से जांच कर रही है।
