Haryana News: हरियाणा में कानून-व्यवस्था को नया रणनीतिक बैकबोन देने के लिए सरकार ने रविवार देर रात एक बड़ी प्रशासनिक सर्जरी की है। गृह विभाग द्वारा जारी आधिकारिक आदेशों के मुताबिक, कुल 20 पुलिस अधिकारियों का तत्काल प्रभाव से तबादला कर दिया गया है। इस सूची में 17 IPS और 3 HPS स्तर के अधिकारी शामिल हैं, जिनमें ADGP, IG और DIG रैंक के कई बड़े नाम हैं। इस फेरबदल के तहत साइबर सिटी गुरुग्राम, करनाल, हिसार, पंचकूला और राज्य अपराध शाखा जैसे बेहद महत्वपूर्ण जिलों और विंग्स के शीर्ष नेतृत्व को पूरी तरह बदल दिया गया है।
गुरुग्राम समेत कई जिलों के बदले पुलिस कप्तान
IPS शिबास कविराज बने गुरुग्राम के नए पुलिस कमिश्नर
इस पूरी ट्रांसफर लिस्ट में सबसे बड़ा और महत्वपूर्ण बदलाव साइबर सिटी गुरुग्राम में देखने को मिला है। पंचकूला के पुलिस आयुक्त का पद संभाल रहे और साइबर व SCRB (स्टेट क्रिमिनल रिकॉर्ड ब्यूरो) के अतिरिक्त कार्यभार की जिम्मेदारी देख रहे 1999 बैच के तेजतर्रार IPS अधिकारी शिबास कविराज को अब गुरुग्राम का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। गुरुग्राम जैसे तेजी से बढ़ते और संवेदनशील औद्योगिक क्षेत्र में अपराध पर लगाम कसने और ट्रैफिक मैनजमेंट को बेहतर करने की बड़ी चुनौती अब शिबास कविराज के कंधों पर होगी।
विकास अरोड़ा को मुख्यालय में बड़ी जिम्मेदारी
वहीं, अब तक गुरुग्राम के पुलिस कमिश्नर के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे वरिष्ठ अधिकारी विकास अरोड़ा का भी तबादला कर दिया गया है। उन्हें पदोन्नत करते हुए पुलिस मुख्यालय, पंचकूला में ADGP प्रशासन के बेहद महत्वपूर्ण पद पर तैनात किया गया है। वे अब राज्य स्तर पर पुलिसिंग की प्रशासनिक योजनाओं और मैनेजमेंट को हेड करेंगे।
इन महत्वपूर्ण पदों पर भी हुआ बदलाव
गृह विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, केवल गुरुग्राम ही नहीं बल्कि हरियाणा के कई अन्य जिलों की कमान भी बदली गई है। पुलिस मुख्यालय से जुड़े सूत्रों के अनुसार, इस बड़े बदलाव का मुख्य उद्देश्य आने वाले समय में राज्य के विभिन्न जिलों में संगठित अपराध, साइबर ठगी की बढ़ती घटनाओं पर रोक लगाना और फील्ड में पुलिसिंग को 'जवाबदेह और पारदर्शी' बनाना है। नए आदेशों के तहत सभी अधिकारियों को बिना किसी देरी के तत्काल प्रभाव से अपने नए कलेक्टरेट और कार्यभार को संभालने के निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
