Hapur News: उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले में पुलिस ने घरेलू गैस सिलेंडरों के अवैध भंडारण के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने छापेमारी कर एक व्यक्ति के घर से कई सिलेंडर बरामद किए हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि वह अलग-अलग डीलरों से सिलेंडर खरीदता था। जिन्हें वह 20 से 30 रुपये ज्यादा कीमत पर स्थानीय लोगों को बेच देता था। पुलिस के अनुसार वह करीब एक साल से इस अवैध कारोबार में शामिल था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है।
सांकेतिक फोटो
घर से 18 भरे और 14 खाली सिलेंडर बरामद
पुलिस और आपूर्ति विभाग की टीम ने 11 मार्च को संयुक्त रूप से आरोपी के घर पर दबिश दी। जिसके बाद सिलेंडर की जमाखोरी का खुलासा हुआ। एफआईआर के मुताबिक छापेमारी के दौरान पुलिस को मौके से हिंदुस्तान पेट्रोलियम (HP) के 18 भरे हुए घरेलू गैस सिलेंडर और 14 खाली सिलेंडर बरामद हुए। सप्लाई इंस्पेक्टर प्रीति की लिखित शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 173 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
घरेलू गैस सिलेंडरों की जमाखोरी है अपराध
पुलिस के अनुसार, इस तरह घरेलू गैस सिलेंडरों को जमा करना और अधिक दाम पर बेचना कानून के खिलाफ है। यह काम एलपीजी (रेगुलेशन ऑफ सप्लाई एंड डिस्ट्रीब्यूशन) आदेश 2000 और आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 का उल्लंघन है। इसी के तहत आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
हापुड़ में गैस सिलेंडरों की कमी नहीं
जिला सप्लाई अधिकारी सीमा बलियान ने बताया कि डीएम के निर्देश पर हर तहसील में टीमें बनाई गई है, जो लगातार गश्त कर रही हैं और अवैध भंडारण या कालाबाजारी के खिलाफ कार्रवाई कर रही हैं। उन्होंने बताया कि रात करीब 9 बजे सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति ने अपने घर में बड़ी संख्या में गैस सिलेंडर रखे हुए हैं। जिसके बाद तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी सिलेंडरों को जब्त कर लिया गया है। सीमा बलियान ने यह भी कहा कि हापुड़ में घरेलू गैस सिलेंडर, पेट्रोल और डीजल की पर्याप्त उपलब्धता है, इसलिए लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। वे अपनी गैस एजेंसी से ऑनलाइन बुकिंग कर सिलेंडर ले कर सकते हैं।
