मुंबई में शुक्रवार को मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग जुटे। यहां पुलिस की ओर से अनुमति नहीं दिए जाने के बाद भी हजारों प्रदर्शनकारी शिवाजी पार्क में इकट्ठे हुए। इस दौरान लोगों को संबोधिक करते हुए कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि NEET पेपर लीक मामले को लेकर जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के दो महीने के भीतर ही उन्हें एक और प्रदर्शन करना पड़ रहा है।
अभिजीत दीपके ने साधा सरकार पर निशाना।
दीपके ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को चुनौती देते हुए प्रदर्शनकारियों को जेल भेजने की बात भी कही। उन्होंने कहा कि गांधी की विचारधारा को खत्म करने की कितनी भी कोशिश कर ली जाए, महात्मा गांधी कभी खत्म नहीं होंगे। दिपके ने प्रधानमंत्री मोदी के ‘नॉन-बायोलॉजिकल’ और ‘विश्वगुरु’ से जुड़े बयानों पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि गांधी, नेहरू और डॉ. बीआर आंबेडकर से बड़ा बनने की कोशिश करने से कोई उनके बराबर नहीं हो सकता। गांधी, नेहरू और आंबेडकर त्याग, बलिदान और संघर्ष की वजह से बड़े बने थे।
उन्होंने कहा कि सरकार का पूरा ध्यान चुनाव जीतने पर है और उसे लगता है कि चुनाव जीतकर गांधी, नेहरू और आंबेडकर से बड़ा बना जा सकता है। दिपके ने कहा कि इन नेताओं की पहचान उनके त्याग और बलिदान से बनी थी।
नोटबंदी और कोरोना का जिक्र कर सरकार पर हमला
दीपके ने नोटबंदी और कोरोना महामारी के दौरान लोगों की परेशानियों का जिक्र करते हुए भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता को बार-बार कतारों में खड़ा होना पड़ा। उन्होंने नोटबंदी के दौरान एटीएम और बैंकों के बाहर लगी कतारों तथा कोरोना के दौरान वैक्सीन के लिए लगी कतारों का उल्लेख किया।उन्होंने आरोप लगाया कि अब चुनाव और वोट से जुड़े मामलों में भी जनता को लाइन में लगाया जा रहा है। दीपके ने सरकार से सवाल किया कि वह जनता के लिए क्या कर रही है। दीपके ने सरकार पर ‘विक्टिम’ की भूमिका खुद लेने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह हर मुद्दे में खुद को पीड़ित बताती है। उन्होंने इस दौरान सरकार से सवाल करते हुए तीखी टिप्पणी की और कहा कि उसे इस तरह की कार्रवाई पर शर्म करनी चाहिए।
मीम्स लिखे पोस्टर हुए वायरल
प्रदर्शन के दौरान वहां लोगों ने अपने हाथों में तिरंगा और अलग-अलग मीम्स लिखे बैनर पोस्टर भी ले रखे थे। इनमें 'Gyanu, Tujha Democracy Var Bharosa Nay Kay?', 'Gyanesh BRO, JUST RESIGN' और 'Gaddaar Gyaanu Must Go' जैसे चुटीले तंज लिखे गए थे। ये पोस्टर सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहे हैं।
शिवाजी पार्क में इस प्रदर्शन में एसएफआई और All India Students' Federation (AISF) से जुड़े कार्यकर्ता भी शामिल हुए। वहीं, अभिनेता शबाना आजमी और नसीरुद्दीन शाह, गायक विशाल ददलानी और महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी भी प्रदर्शन में मौजूद रहे।
