Gwalior Wedding Violence: मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले से एक-गजब मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, शादी की खुशी में शराब नहीं पिलाने को लेकर कुछ पड़ोसियों ने दूल्हा-दुल्हन समेत एक परिवार के सदस्यों की कथित तौर पर पिटाई कर दी। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को जानकारी देते हुए बताया कि, आरोन थाना क्षेत्र के पाटई गांव में मंगलवार रात हुई इस घटना में दूल्हे के परिवार के कुछ सदस्य घायल हुए है। परिवार के सदस्यों ने यह आरोप भी लगाया कि मारपीट के दौरान आरोपी पक्ष ने घरेलू सामान के साथ रुपये भी लूट लिए।
ग्वालियर में शादी की खुशियों के बीच मचा हड़कंप (सांकेतिक फोटो)
पैसे देने से किया इनकार बढ़ गया विवाद
नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) मनीष यादव ने बताया कि पटाई गांव के रहने वाले महेश जाटव की 30 मार्च को शादी हुई थी और इस खुशी में उनके पड़ोसियों ने शराब पिलाने को कहा, जिसे लेकर विवाद शुरू हुआ था। आगे जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि दूल्हे ने शराब के रुपये देने से इनकार कर दिया, जिसके बाद विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों ही पक्षों में मारपीट हो गई।
शराब के लिए मांगे पैसे
बताया जा रहा है कि, घायलों की चिकित्सकीय जांच कराई गई और पुलिस जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। महेश जाटव की मां शीला जाटव ने कहा कि दुल्हन के आने के बाद घर में रस्में चल रही थीं कि इसी दौरान कुछ पड़ोसी आ गये और महेश से शराब के लिए रुपये मांगने लगे। उन्होंने कहा कि इसी को लेकर विवाद हो गया और फिर पड़ोसियों ने उनके परिवार के सदस्यों की पिटाई कर दी।
मामले की जांच जारी
महेश जाटव की मां शीला जाटव शीला ने आरोप लगाया कि बीच-बचाव करने के दौरान पड़ोसियों ने उनकी, उनके पति और महेश की दुल्हन को भी नहीं बख्शा। उन्होंने कहा कि इतना ही नहीं, वे घरेलू सामान के साथ घर पर रखे कुछ रुपये भी लूट ले गए। पुलिस अधिकारी ने बताया कि फिलहाल मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी। इस घटनाक्रम के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।
(इनपुट - भाषा)
