Monu Manesar: इस वक्त गुरुग्राम से बड़ी खबर आ रही है। मिली जानकारी के अनुसार मोनू मानेसर को हिरासत में लिया गया है। मोनू मानेसर पर कई मामले दर्ज हैं और वो काफी लंबे समय से फरार भी था।
क्यों हुआ गिरफ्तार
मोनू मानेसर को नूह में हुए हिंसा में सोशल मीडिया पर भडकाऊ पोस्ट के मामले में दर्ज एफआईआर के मामले में हिरासत में लिया गया है। हरियाणा के एडीजी ला एंड ऑर्डर ममता सिंह के मुताबिक नूह हिंसा में सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट के मामले में एफआईआर दर्ज की गई थी। इसी मामले में पुलिस ने उसे हिरासत में लिया है।
राजस्थान में भी मामला दर्ज
गोरक्षक मोनू मानेसर को पुलिस ने मंगलवार को हिरासत में ले लिया जिसके खिलाफ गत फरवरी में दो मुस्लिम व्यक्तियों की हत्या के लिए राजस्थान पुलिस ने मामला दर्ज किया था। कुछ लोगों ने उस पर नूंह में हुई हिंसा के लिए उकसाने का भी आरोप लगाया था। यह जानकारी मोनू के संगठन ने दी। बजरंग दल के मूल संगठन विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के एक पदाधिकारी ने बताया कि मोनू को गुरुग्राम के मानेसर से हिरासत में लिया गया है। एक वीडियो में कथित तौर पर उसे सादे कपड़े पहने हुए लोगों द्वारा हिरासत में लेते दिखाया गया है।
राजस्थान पुलिस की नजर
वहीं मोनू मानेसर को लेकर राजस्थान के भरतपुर के एसपी मृदुल कछावा का कहना है- ''हमें जानकारी मिली है कि हरियाणा पुलिस ने मोनू मानेसर को हिरासत में लिया है, जो नासिर और जुनैद (लिंचिंग) मामले में वांछित है। हरियाणा पुलिस अपनी आगे की प्रक्रिया कर रही है और हमारे अधिकारी उनके संपर्क में हैं. जब उनकी प्रक्रिया पूरी हो जाएगी, (हमारी) जिला पुलिस प्रक्रिया शुरू कर देगी।"
