Gurugram: भीषण ठंड और घना कोहरा जहां आम लोगों के लिए कई तरह की मुश्किलें खड़ी कर रहा है, वहीं चोरों के लिए यह वरदान साबित हो रहा है। इस मौसम का फायदा उठाकर शातिर चोर एक के बाद एक वारदात को अंजाम दे रहे हैं। गुरुग्राम में इस समय सबसे ज्यादा टायर चोर सक्रिय हैं। बीती रात चोरों ने एक साथ कई जगहों पर धावा बोलकर करीब 15 वाहनों के टायर चोरी कर ले गए। सिर्फ बजघेड़ा थाना क्षेत्र के न्यू पालम विहार कॉलोनी में ही चोर चार कारों के पहिये खोलकर उन्हें ईंट के सहारे छोड़ गए। वहीं, सेक्टर 23, सेक्टर 11 समेत शहर के दूसरे इलाकों में भी इसी तरह टायर चोरी का मामला सामने आया है। लगातार हो रही इन वारदातों के कारण अब गुरुग्राम पुलिस भी परेशान नजर आ रही है।
गुरुग्राम में कारों के पहिये चोरी
बता दें कि बीते 10 दिनों से जारी कड़ाके की ठंड में पुलिस कर्मी भी रात्रि गश्त करने तथा नाका लगाने से बच रहे हैं। इसका फायदा शातिर चोर उठा रहे हैं। न्यू पालल विहार के रहने वाले सौरभ कुमार ने पुलिस को दी अपनी शिकायत में बताया कि रात में वह अपनी कार मारुति एस प्रेसो कार को घर के बाहर खड़ा किया था। सुबह जब डयूटी पर जाने के लिए घर से बाहर निकले तो कार ईंटों के सहारे खड़ी मिली। इसके सभी पहिये को खोल कर चोरी कर लिया गया था। इसके अलावा इनकी पड़ोसी अर्चना की मारुति बलेनो कार के भी सभी पहिये गायब मिले।
इन जगहों पर भी कार के टायर चोरी
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ये शातिर चोर अपने वाहन में ही ईंट और पत्थर रखकर लाते हैं और पहिये को खोलकर उसके कार के नीचे लगा देते हैं। इसी तरह की दो शिकायत पालम विहार के ब्लाक में भी दर्ज की गई है। यहां पर चोर सियाज तथा स्विफ्ट कार के पहिये खोल ले गए। बताया जा रहा है कि, यहां पर तीन अन्य कार के भी पहिये खोल लिए गए हैं। इसके अलावा सेक्टर 23 में दो कार, सेक्टर 11 में 3 कार, ओल्ड गुरुग्राम में 2 और रेलवे स्टेशन के पास एक कार का पहिये खोलने की शिकायत दर्ज हुई है। शहर के अंदर ऐसा तब हो रहा है जब गुरुग्राम पुलिस रात के समय कई जगह नाके लगाने का दावा कर रही है।
