Gurugram: गुरुग्राम के बादशाहपुर इलाके के गूगा कॉलोनी में देर रात एक घर के सामने बैठकर हुक्का पी रहे युवक को गोली मार दी गई। बाइक पर आए नकाबपोश बदमाशों ने युवक के सिर में गोली मारी है। युवक को मरणासन्न हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। घायल की पहचान 30 वर्षीय अंकित के तौर पर हुई है। बताया जा रहा है कि, ये बदमाश अंकित के साथी दिनेश की हत्या करने आए थे, लेकिन पहचान न होने के कारण दिनेश की जगह अंकित को ही गोली मार कर भाग गए। इस गोली कांड से इलाके में हड़कंप मचा हुआ है।
घर के बाहर बैठे युवक को सिर में मारी गोली (प्रतीकात्मक तस्वीर)
घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची बादशाहपुर थाना पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है। हमलावर आरोपियों की पहचान करने और पकड़ने के लिए क्राइम ब्रांच की तीन टीमों को जांच में लगाया गया है। इस हमले में घायल अंकित यहां अपने दोस्त दिनेश के घर आया हुआ था। रात को करीब साढ़े दस बजे जब अंकित को गोली मारी गई तो वह दिनेश की जगह पर ही बेंच पर बैठकर हुक्का पी रहा था। उनके साथ गूगा कॉलोनी के रहने वाले हिमांशु भी बैठे थे।
