Gurugram Police: एक झगड़े को सुलझाने पहुंची गुरुग्राम के भोंडसी थाना पुलिस पर जानलेवा हमला करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इन फरार आरोपियों को दिल्ली से गिरफ्तार किया गया। इनकी पहचान रिठोज निवासी संदीप व मनीष के तौर पर हुई है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर पुलिस ने पूछताछ के लिए तीन दिन का रिमांड हासिल कर ली है।
पुलिस टीम पर हमला बोलने वाले दोनों आरोपी गिरफ्तार (Representative Image)
भोंडसी थाना प्रभारी देवेन्द्र ने बताया कि, इन आरोपियों के पास से हमले में उपयोग की गई लोहे की रॉड़ व गाड़ी भी बरामद कर ली गई है। अब इनसे पूछताछ कर पूरे मामले की जानकारी हासिल की जा रही है।
बता दें कि पुलिस टीम पर यह हमला बीते 4 अक्टूबर को हुआ था। पुलिस के अनुसार, रिठोज गांव में स्थित जीवन अस्पताल में दवाई लेने आए दो युवकों से विवाद हो गया था। अस्पताल के एमडी डॉक्टर सुनील तंवर द्वारा दी गई शिकायत में बताया गया है कि, अस्पताल में बिहार के गया जिला के रहने वाले मुन्ना व उत्तर प्रदेश के बहराइच जिला के रहने वाले रामनरेश ड्यूटी पर थे। इसी दौरान दो युवकों वहां पर दवाई लेने आए। दवा लेने के बाद जब पैसे मांगे गए तो दोनों युवकों ने कर्मचारियों के साथ मारपीट शुरू कर दी। जिसके बाद घटना की जानकारी कंट्रोल रूम में पुलिस को दी गई।
लोहे के रॉड से पुलिसकर्मियों पर हमला
गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद एक पीसीआर मौके पर पहुंची। पुलिस की गाड़ी देखते ही आरोपियों ने अपनी गाड़ी से पीसीआर में टक्कर मार दी और फिर उसमें सवार पुलिसकर्मियों पर भी हमला बोल कर दिया। इस हमले में पीसीआर में तैनात तीन पुलिसकर्मी चोटिल हो गए। लोहे की रॉड से हमले में हेडकांस्टेबल अनिल के सिर में गहरी चोट लगी थी। इसके बाद आरोपियों ने पीसीआर को भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। यह पूरी वारदात वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ। जिसके बाद से ही पुलिस की कई टीमें दोनों आरोपियों की तलाश में जुटी थी।
