Gurugram: गुरुग्राम के लोगों को अब चोर-लुटेरों के साथ पुलिस का भी डर सताने लगा है। पता नहीं किस मोड़ पर कौन सा पुलिसकर्मी मिल जाए और आपको डरा धमका लाखों रुपये ठग ले। दरअसल, गुरुग्राम में एक ऐसे मामले का खुलासा हुआ है, जिसने गुरुग्राम पुलिस को ही सवालों के घेरे में खड़ा कर दिया है। यहां के सेक्टर 29 एरिया में 10 जनवरी को एक युवक और युवती से पुलिस की वर्दी पहने एक व्यक्ति ने करीब डेढ़ लाख रुपये की ठगी की थी। इस मामले में पीड़ितों द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई तो बताया गया कि, यह ठगी किसी अपराधी ने फर्जी पुलिसकर्मी बनकर किया। हालांकि जांच के बाद अब खुलासा हुआ है कि ठगी करने वाला फर्जी नहीं बल्कि असली पुलिसकर्मी था। यह आरोपी पीसीआर पर तैनात था, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है।
गुरुग्राम पुलिसकर्मी ने की ठगी
इस पूरे मामले की जांच एसीपी ईस्ट डॉ. कविता की अगुवाई में की गई। इस जांच में खुलासा हुआ कि सेक्टर 29 में युवक युवती के साथ ठगी करने वाला गुरुग्राम पुलिस का ही जवान है। आरोपी पुलिसकर्मी की पहचान हेड कॉन्सटेबल तख्यत सिंह के तौर पर हुई है। यह आरोपी सेक्टर 40 पुलिस थाने में तैनात था और इसकी ड्यूटी पीसीआर पर थी। पुलिस ने इस आरोपी को गिरफ्तार करने के साथ पीड़ितों से वसूले गए एक लाख रुपये भी बरामद कर लिए हैं। गुरुग्राम पुलिस के अनुसार, इस आरोपी के खिलाफ दर्ज मामले में अब करप्शन एक्ट की धाराएं भी जोड दी गई है । आरोपी से पूछताछ के बाद उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
