Gurugram: दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे पर स्थित खेड़कीदौला टोल प्लाजा से राहत पाने का इंतजार लंबा होता जा रहा है। इस टोल को जनवरी 2023 में हटना था, लेकिन कोविड संकट के दौरान हुए नुकसान की भरपाई के लिए एनएचएआई ने एग्रीमेंट की समय सीमा बढ़ा दी है। टोल वसूली करने वाली कंपनी अब 11 जनवरी 2023 के बाद भी 1 मार्च 2023 कर टोल वसूली कर सकेगी। एनएचएआई द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अब कंपनी 1 मार्च 2023 की रात 12 बजे से टोल वसूली बंद कर देगी। जिसके बाद से आगे रखरखाव की जिम्मेदारी एनएचएआई संभालेगा।
दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे पर स्थित खेड़कीदौला टोल प्लाजा
बता दें कि एनएचएआई ने दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेस-वे निर्माण के लिए दिल्ली-गुड़गांव सुपर कनेक्टिविटी लिमिटेड (डीजीएससीएल) कंपनी के साथ 12 जनवरी, 2003 को एग्रीमेंट किया था। यह एग्रीमेंट 20 साल के लिए किया गया था। जिसके तहत हाईवे पर सबसे पहले सिरहौल बॉर्डर के पास टोल प्लाजा बनाया गया था, लेकिन इसकी वजह से लगने वाले भारी जाम के कारण लोगों ने विरोध शुरू कर दिया। अंतत वर्ष 2014 में यहां से टोल को हटाकर खेड़कीदौला के पास शिफ्ट कर दिया गया। शुरू में खेड़कीदौला टोल प्लाजा पर ट्रैफिक का दबाव कम था, लेकिन कुछ साल में यहां पर ट्रैफिक जाम लगने लगा।
