Akil Akhtar Death Case: हरियाणा सरकार ने पंजाब के पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा के बेटे अकील अख्तर (35) की मौत के मामले की CBI जांच कराने की तैयारी शुरू कर दी है। इस प्रक्रिया के लिए संबंधित विभाग ने कदम उठाना शुरू कर दिया है और सरकार से मंजूरी मिलने के बाद ही मामला सीबीआई को सौंपा जाएगा। आपको बता दें कि, अकील अख्तर की मौत 16 अक्टूबर की देर रात उनके पंचकूला सेक्टर-4 स्थित घर में हुई थी। इसके अगले दिन, 17 अक्टूबर को मलेरकोटला के शमशुद्दीन ने पंचकूला पुलिस आयुक्त को शिकायत दी और अकील की मौत को संदिग्ध बताते हुए मामले की जांच की मांग की।
पंजाब के पूर्व DGP के बेटे की मौत के मामले में CBI जांच की योजना (फाइल फोटो)
हत्या की साजिश का आरोप
शिकायत में शमशुद्दीन ने कहा कि 27 अगस्त को अकील अख्तर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने अपने पिता मोहम्मद मुस्तफा पर पत्नी के साथ अवैध संबंध रखने का आरोप लगाया। वीडियो में अकील ने यह भी दावा किया कि परिवार के लोग उनकी हत्या की साजिश रच रहे हैं। इस शिकायत के आधार पर पंचकूला के एमडीसी थाना में पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा, उनकी पत्नी, पूर्व मंत्री रजिया सुल्ताना, अकील की पत्नी और बहन के खिलाफ हत्या और आपराधिक साजिश के तहत मामला दर्ज किया गया। जांच के लिए ACP विक्रम नेहरा की अगुवाई में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (SIT) बनाई गई।
सभी साक्ष्यों की गहन जांच जारी
SIT ने पूर्व डीजीपी को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन वे अब तक पेश नहीं हुए हैं। SIT प्रमुख नेहरा ने बताया कि प्राथमिक ध्यान अकील अख्तर की मौत के असली कारण का पता लगाने पर है। इसके लिए उनकी मेडिकल हिस्ट्री और घटनास्थल के सभी साक्ष्यों की गहन जांच की जा रही है। अकील अख्तर का पोस्टमार्टम रिपोर्ट तो आ चुका है, लेकिन विसरा रिपोर्ट और केमिकल एनालिसिस का इंतजार है। ACP नेहरा ने कहा कि शरीर पर इंजेक्शन जैसे निशान पाए गए हैं, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि इसका कारण क्या था। SIT टीम सभी तथ्यों और घटनास्थल के हालात का मिलान कर रही है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों पर अंतिम निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
