Manesar News: हरियाणा में गुरुग्राम के मानेसर में 29 वर्षीय ऑटो चालक सर्वेश ने एक ग्राउंड में अन्य बच्चों के साथ खेल रही 8 और 6 साल की दो सगी बहनों को अपनी हवस का शिकार बनाने के लिए बीते शनिवार को अगवा कर लिया था। आरोपी बच्चियों को बहलाने के लिए अपने साथ चॉकलेट और खाने का सामान लेकर आया था। जिससे माना जा रहा है कि उसने पहले से ही इस वारदात को अंजाम देने के लिए साजिश रची हुई थी।
मानेसर में बच्चियोम का अपहरण करने वाला ऑटो चालक गिरफ्तार (Photo- Canva)
अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने बच्चियों को चॉकलेट का लालच देकर ग्राउंड का चक्कर उसके साथ लगाने के लिए कहा। बच्चियों के हामी भरते ही आरोपी उन्हें ऑटो में बैठाकर मानेसर के एक जंगल वाले सुनसान इलाके में ले गया, जहां उसने छोटी बहन के सामने उसकी बड़ी बहन के साथ दरिंदगी की। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक स्थानीय व्यक्ति ने संदिग्ध गतिविधि देखकर शोर मचा दिया, जिससे घबराकर आरोपी बच्चियों को वहीं छोड़कर फरार हो गया। इस राहगीर की तत्परता से दो नाबालिग बहनों को बचाया गया। पुलिस ने बच्चियों को मेडिकल के लिए भेज दिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने फ्लाईओवर से लगाई छलांग
TOI की खबर के अनुसार, राहगीर की सूचना पर मानेसर पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने सबसे पहले बच्चियों को सुरक्षित रेस्क्यू कर उन्हें मेडिकल जांच के लिए भेजा। उसके बाद आरोपी की धरपकड़ के लिए कई टीमों का गठन किया गया। बीते सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सर्वेश गुरुग्राम छोड़कर भागने की फिराक में है और पचगांव के पास स्थित KMP एक्सप्रेसवे पर बस का इंतजार कर रहा है। पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए तुरंत मौके पर पहुंची। खुद को पुलिस से घिरता हुआ देखकर पकड़े जाने के डर से आरोपी ने KMP फ्लाईओवर से नीचे छलांग लगा दी। फ्लाईओवर की ऊंचाई से गिरने के कारण उसके दोनों पैरों में फ्रैक्चर हो गया, जिसके बाद पुलिस ने उसे घायल अवस्था में हिरासत में लेकर अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया।
पॉक्सो एक्ट और अन्य गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज
आरोपी के बारे में जानकारी जुटाते हुए पुलिस ने बताया कि आरोपी सर्वेश शादीशुदा है और उसकी एक बेटी भी है, जो उत्तर प्रदेश के सीतापुर में रहती है। वह यहां कासन इलाके में अकेला रहकर ऑटो चलाता था। इस जघन्य अपराध के लिए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मानेसर थाने में पॉक्सो (POCSO) एक्ट और अपहरण की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाने के लिए पुख्ता सबूत जुटाए जा रहे हैं। अधिकारी ने मामले पर अधिक जानकारी देते हुए बताया कि बच्चियों को कोई बड़ी शारीरिक चोट नहीं आई है, लेकिन इस भयानक अनुभव के कारण उनकी मानसिक स्थिति को देखते हुए उनकी काउंसलिंग की जा रही है।
