Vadodara Bridge Collapse: गुजरात के वडोदरा में आज सुबह बड़ा हादसा हो गया। जिले के पादरा तालुका में आणंद और पादरा को जोड़ने वाले गंभीरा पुल का हिस्सा ढह गया। पुल के टूटते ही कई वाहन नदी में गिर गए। बताया जा रहा है कि इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कई लोगों को बचा लिया गया है। हादसे में घायल हुए लोगों को बड़ोदरा के एसएसजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस घटना पर गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने दुख जताया और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना की।
वडोदरा में पुल गिरा
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह आणंद और पादरा को जोड़ने वाले पुल का एक हिस्सा महिसागर नदी में गिर गया। पता चला है कि हादसे के वक्त पुल पर कई गाड़ियां मौजूद थीं। शुरुआती जानकारी के अनुसार दो ट्रक, एक बोलेरो एसयूवी और एक पिकअप वैन सहित चार वाहन पुल पार कर रहे थे, तभी अचानक यह ढह गया और कई वाहन महिसागर नदी में गिर गए।
अब तक तीन लोगों को बचाया गया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि वाहनों के नदी में गिरने से पहले तेज आवाज सुनाई दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड, स्थानीय पुलिस और वडोदरा जिला प्रशासन ने तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों ने भी घायलों को मलबे से निकालने में मदद की। अब तक 6 लोगों को बचाया गया है।
पुल के ढहने की घटना पर गुजरात के सड़क एवं भवन विभाग के सचिव पीआर पटेलिया ने मीडिया से बातचीत में कहा, "हमें पुल के क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिली है, विशेषज्ञों की एक टीम घटनास्थल पर भेज दी गई है।" एक स्थानीय निवासी ने कहा, "ये पुल न केवल ट्रैफिक दुर्घटनाओं के हिसाब से खतरनाक है, बल्कि यहां आत्महत्या की कई घटनाएं भी हो चुकी हैं। इसकी स्थिति के बारे में बार-बार चेतावनी दी गई थी, लेकिन प्रशासन ने ध्यान नहीं दिया।"
सीएम भूपेंद्र पटेल ने हादसे पर जताया दुख
गुजरात के सीएम भूपेंद्र पटेल ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "आणंद और वडोदरा को जोड़ने वाले गंभीरा पुल के 23 गर्डरों में से एक गर्डर के टूटने से हुई दुर्घटना दुखद है। मैं इस दुर्घटना में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करता हूं। वडोदरा कलेक्टर से बात कर घायलों के तत्काल इलाज के लिए प्राथमिकता के आधार पर व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं।"
सीएम पटेल ने बयान में कहा, "स्थानीय नगरपालिका और वडोदरा नगर निगम की अग्निशमन टीम नावों और तैराकों के साथ दुर्घटनास्थल पर बचाव और राहत कार्यों में जुटी हुई है। साथ ही एनडीआरएफ की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर बचाव अभियान में जुटी हुई है। सड़क निर्माण विभाग को इस दुर्घटना की तत्काल जांच के आदेश दिए गए हैं। चीफ इंजीनियर (डिजाइन), चीफ इंजीनियर (दक्षिण गुजरात), और पुल निर्माण में विशेषज्ञ दो निजी इंजीनियरों की एक टीम को तुरंत घटनास्थल पर पहुंचकर पुल के टूटने के कारणों और अन्य तकनीकी पहलुओं की प्रारंभिक जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।"
सीएम ने किया मुआवजे का ऐलान
गुजरात के मुख्यमंत्री ने मुआवजे का भी ऐलान किया। उन्होंने कहा, "आणंद और वडोदरा को जोड़ने वाले गंभीरा पुल का एक हिस्सा ढहने से हुई दुर्घटना अत्यंत दुखद है। राज्य सरकार इस दुर्घटना से प्रभावित प्रत्येक परिवार के साथ पूरी संवेदना के साथ खड़ी है। राज्य सरकार दुर्घटना में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिजनों को 4 लाख रुपए की सहायता प्रदान करेगी। इसके अतिरिक्त, दुर्घटना में घायल प्रत्येक व्यक्ति को 50 हजार रुपए की सहायता दी जाएगी और इलाज की सभी व्यवस्थाएं भी राज्य सरकार द्वारा की जाएंगी।"
1985 में बना गंभीरा पुल
वहीं, कांग्रेस नेता अमित चावड़ा ने सोशल मीडिया पर लिखा, "आणंद और वडोदरा जिलों को जोड़ने वाला मुख्य गंभीरा पुल ढह गया है। कई वाहन नदी में गिर गए हैं और बड़ी संख्या में हताहत होने की आशंका है। प्रशासन को तुरंत बचाव कार्य शुरू करना चाहिए और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था करनी चाहिए।" बता दें कि यह पुल 1985 में बनाया गया था। गुजरात सरकार ने हाल ही में 212 करोड़ रुपए की लागत से एक नए पुल को बनाने की मंजूरी दी थी। फिलहाल मुख्यमंत्री ने तकनीकी विशेषज्ञों को घटनास्थल पर भेजकर जांच का आदेश दिया है।
(इनपुट - IANS)
