Yamuna Expressway to be Widened: दिल्ली से आगरा तक का सफर अब और ज्यादा आसान हो जाएगा। सरकार यमुना एक्स्प्रेस-वे को चौड़ा करने जा रही है। नए प्लान के तहत यमुना एक्सप्रेस-वे अब 6 लेन की जगह 8 लेन का होगा। इसके लिए दोनों साइड एक-एक अतिरिक्त लेन बनाई जाएगी। ऐसा यमुना एक्सप्रेस-वे पर बढ़ते वाहनों के लोड और आने वाले समय में जेवर एयरपोर्ट बनने के बाद बढ़ने वाले ट्रैफिक लोड को देखते हुए किया गया है।
यमुना एक्सप्रेस-वे होगा चौड़ा
165 किलोमीटर लंबा है यमुना एक्सप्रेस-वे
दिल्ली से आगरा को कनेक्ट करने वाले यमुना एक्सप्रेसवे को बनाने की कवायद साल 2003 में शुरू हुई। जिसका निर्माण जेपी ग्रुप ने किया है। साल 2012 से यह आम लोगों के तैयार हो गाया। यमुना प्राधिकरण के साथ जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड के साथ हुए अनुबंध के अनुसार इसे पहले फेज में 6 लेन का बनाया गया है। इसके बाद वाहनों के बोझ के आधार पर इसके विस्तार की शर्त तय की गई थी। अब उसी आधार पर इसे 8 लेन किया जाएगा।
जेवर एयरपोर्ट से बढ़ेगा बोझ
एक्सप्रेसवे के चौड़ीकरण के अलावा सड़क के किनारे लगे क्रैश बीम बैरियर की ऊंचाई भी बढ़ाई जाएगी। अभी इनकी ऊंचाई आधा मीटर है। जिसे एनएचआई के मानकों के अनुसार ऊंचा किया जाएगा। बैरियर ऊंचा होने से हादसे के बाद वाहनों के नीचे गिरने का जोखिम कम हो जाएगा।
त्योहारों और वीकेंड में टोल प्लाजा पर भारी जाम का सामना कर रहे एक्सप्रेस-वे पर जेवर एयरपोर्ट बनने के बाद और बोझ बढ़ने की संभावना है। इसे देखते हुए दो लेन को बढ़ाया जाना, बढ़ते बोझ को कम करेगा। यमुना अथॉरिटी के सीईओ अरुणवीर सिंह ने बताया कि टेक्निकल कमेटी 15 दिन के अंदर डीपीआर तैयार करेगी।डीपीआर तैयार होने के बाद इसके 8 लेन में परिवर्तित करने का काम शुरू हो जाएगा। इस पर आने वाले पूरे खर्च को जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड वहन करेगी।
