ग्रेटर नोएडा के इंडिया एक्स्पो मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक इंटरनेशनल ट्रेड शो होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 सितंबर को इसके उद्घाटन के लिए पहुंचेंगे। इन पांच दिनों में ग्रेटर नोएडा में काफी ज्यादा वीआईपी मूवमेंट हो सकती है और ट्रेड शो में आने वाले आगंतुकों की भीड़ भी काफी होगी। इसके मद्देनजर गौतमबुद्ध नगर ट्रैफिक पुलिस ने ट्रैफिक डायवर्जन और पार्किंग प्लान तैयार किया है। इंडिया एक्स्पो सेंटर और मार्ट में आयोजित होने वाला यह ट्रेड शो काफी बड़ा आयोजन है। इसमें देश और दुनिया से बड़ी संख्या में लोग आएंगे। इन सब बातों को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने विशेष सुरक्षा और ट्रैफिक अरेंजमेंट किया है।
इंटरनेशनल ट्रेड शो के लिए नोएडा-ग्रेटर नोएडा में ट्रैफिक एडवाइजरी (फोटो - PTI)
ट्रैफिक व्यवस्था में किसी तरह की समस्या न हो और सड़कों पर ट्रैफिक जाम न हो इसके लिए ट्रैफिक पुलिस ने व्यापक व्यवस्था की है। इसके तहत 29 सितंबर यानी ट्रेड शो के अंतिम दिन तक सुबह 7 से रात 11 बजे तक एक्स्पो मार्ट के आसपास की सड़कों पर भारी, मध्यम और हल्के मालवाहक वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी। हालांकि, दूध, सब्जी, फल और दवाएं आदि ले जाने वाले वाहनों को इसमें छूट मिलेगी।
अगर आप भी इस ट्रेड शो में भाग लेने के लिए जा रहे हैं तो इसके लिए ट्रैफिक पुलिस के नियमों का पालन करें। चलिए जानते हैं आप एक्स्पो मार्ट तक कैसे पहुंच सकते हैं। अगर आप नोएडा-ग्रेटर नेडा एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करके यहां आ रहे हैं तो आपकी गाड़ी हरनंदी कट से सर्विस रोड फिर संस्कृति मंत्रालय चौराहा और एक्यूरेट कॉलेज चौराहा व बड़ा गोलचक्कर पार्किंग होते हुए एक्स्पो मार्ट तक पहुंच सकते हैं। इसके अलावा आप गलगोटिया कट से लेफ्ट टर्न लेकर एक्स्पो मार्च राउंडअबाउट पर NASA गोलचक्कर पार्किंग तक पहुंच सकते हैं।
अगर आप सूरजपुर की तरफ से एक्स्पो मार्ट आना चाहते हैं तो आपको एलजी गोलचक्कर, शारदा गोलचक्कर और NASA बड़ा गोलचक्कर पार्किंग में गाड़ी खड़ी करके एक्स्पो मार्ट तक पहुंच सकते हैं। अगर आप परी चौक की तरफ से यहां आ रहे हैं तो आप इशान कॉलेज सर्विस रोड, जीएल बजाज कॉलेज, एलजी गोलचक्कर, शारदा गोलचक्कर, नासा गोलचक्कर की पार्किंग में गाड़ी खड़ी करके एक्स्पो मार्ट पहुंच सकते हैं।
नासा बिग राउंडअबाउट पार्किंग फुल होने के बाद गाड़ियों को केसीसी, जुबिलियंट और युनाइटेड कॉलेज में पार्क की जा सकती हैं।
एक्स्पो मार्ट से वापस घर को जाते समय भी आपको ट्रैफिक डायवर्जन नियमों का पालन करना होगा। इसके लिए जनरल एग्जिट प्लान तैयार किया गया है। गाड़ियां शारदा गोलचक्कर, एलजी गोलचक्कर, सूरजपुर - कच्ची सड़क तिराहा - कुलसेरा - फेस 2 - ककराला - सोरखा पर्थला - किसान चौक (भंगेल या बरौला या सेक्टर 37) होते हुए जा सकते हैं।
दिल्ली या गाजियाबाद की ओर जाने के लिए आपको पार्किंग लॉट से शारदा गोलचक्कर - एलजी गोलचक्कर - साकीपुर गोलचक्कर - तिलपता गोलचक्कर - दादरी - एनएच 24 और एनएप 9 होते हुए जाना होगा। ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर जाना चाहते हैं तो पार्किंग लॉट से निकलकर आपको शारदा गोलचक्कर - एलजी गोलचक्कर - साकीपुर गोलचक्कर - 130 मीटर रोड - सिरसा गोलचक्कर - ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर जाना होगा।
यमुना एक्सप्रेसवे की ओर जाना हो तो पार्किंग लॉट से निकलने के बाद शारदा गोलचक्कर - एलजी गोलचक्कर - डेल्टा 3 - बीटा 2 - लेबर चौक - डेल्टा 1 - आईटीबीपी - पी 3 - आईएफएस विला - जीरो प्वाइंट होते हुए यमुना एक्सप्रेसवे पर पहुंच सकते हैं।
इस दौरान परी चौक पर ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए मेट्रो स्टेशन से पहले मौजूद कट से ट्रैफिक को सर्विस रोड पर भेजा जाएगा। अंसल प्लाजा पार्किंग से पिक एंड ड्रॉप सुविधा भी मौजूद रहेगी। यहां से गाड़ियां अल्फा कॉमर्शियल गोलचक्कर - आईटीबीपी गोलचक्कर और पी 3 होते हुए नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर वापस मिल जाएंगे।
इमरजेंसी रूट भी तैयार किया गया है, जिसका इस्तेमाल एंबुलेंस और फायर टेंडर्स करेंगे। आगरा की तरफ से आने वाले इमरजेंसी वाहन चपरगढ़ कट से डबल सर्विस रोड - वीआईपी रूट और जीरो प्वाइंट की ओर जाएंगे। इसी तरह गौतमबुद्ध नगर यूनिवर्सिटी की तरफ से आने वाले आपात वाहन आईएफएस विला - पुश्ता तिराहा होते हुए होंडा सीएल चौक को जा सकते हैं। चिल्ला, डीएनडी बॉर्डर और महामाया फ्लाईओवर की तरफ से आने वाले वाहन सेक्टर 37 - न्यू अशोक नगर और झुंडपुरा होते हुए जाएंगे।
