Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में बदमाशों का उत्पात बढ़ रहा है। ड्यूटी पर जा रहे दिल्ली पुलिस के हेड कॉन्स्टेबल के साथ बदमाशों ने मारपीट की वारदात को अंजाम दिया है। बता दें कि, मामला ग्रेटर नोएडा के दनकौर थाना इलाके का बताया जा रहा है। पुलिस प्रकरण में एफआईआर दर्ज कर जांच में जुट गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए प्रकरण में 3 लोगों को हिरासत में ले लिया है।
ग्रेटर नोएडा में मामूली विवाद में पुलिसकर्मी को पीटा (प्रतीकात्मक तस्वीर)
बता दें कि, दिल्ली के जाफराबाद थाने में तैनात हेड कॉन्स्टेबल अमित अपने गांव से ड्यूटी करने के लिए दिल्ली की ओर जा रहे थे। उनके साथ एक कार में एमसीडी कर्मचारी देशराज भी थे। अच्छेजा गांव के पास पहुंचते ही पुलिसकर्मी अमित ने देखा कि, कुछ लड़के एक शख्स के साथ मारपीट कर रहे हैं।
मुखबिर की सूचना पर मिली सफलता
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिसकर्मी अमित ने जब कार से उतर कर मारपीट का कारण जानना चाहा तो उन लड़कों ने उनके साथ भी मारपीट करनी शुरू कर दी। इसके बाद हेड कॉन्स्टेबल ने पुलिस को बुलाया, लेकिन पुलिस के आने से पहले ही लड़के वहां से फरार हो गए थे। इसके बाद अमित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया। बता दें कि, पुलिस ने बदमाशों को पकड़ने के लिए जाल बिछाया और नाकाबंदी कर खोज शुरू कर दी। पुलिस को बाद में मुखबिर से मिली सटीक सूचना ने काम आसान कर दिया। पुलिस ने तीन बदमाशों को हिरासत में ले लिया। पुलिस उनकी अपराधिक कुंडली खंगाल रही है और पूछताछ शुरू कर दी है।
विवाद की ये रही वजह
बता दें कि, ग्रेटर नोएडा के एडीसीपी विशाल पांडे के अनुसार, बहुत मामूली सी बात पर पुलिसकर्मी के साथ मारपीट हुई थी। 2 गाड़ियों के बीच टक्कर होने पर मारपीट हो गई थी। विवाद में बीच बचाव करने गए पुलिसकर्मी के साथ मारपीट हुई थी। एडीसीपी पांडे ने लूटपाट और गंभीर चोट लगने के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। बता दें कि, एडीसीपी पांडे ने तीन आरोपियों के हिरासत में लिए जाने की जानकारी दी है।
