Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से शहर की सुंदरता बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। ग्रेटर नोएडा के प्रमुख चौराहों पर फव्वारे लगाए जाएंगे। प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने विद्युत अभियांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए यह निर्देश जारी किए हैं। सीईओ ने ग्रेटर नोएडा में पहले से लगे फव्वारों को दुरुस्त कराने के भी निर्देश दिए हैं।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से शहर के सभी प्रमुख चौराहों पर लगाए जाएंगे फव्वारे
बता दें कि, प्राधिकरण के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए सीईओ रितु माहेश्वरी ने निर्देश दिए कि, ग्रेटर नोएडा के गोलचक्करों पर बने सभी वाटर बॉडी को फंक्शनल कर फव्वारे लगाए जाएं। हालांकि परी चौक, सूरजपुर तिराहा, गौड़ चौक, सिटी पार्क समेत कई जगहों पर पहले से फव्वारे चल रहे हैं। जिन जगहों पर फव्वारे नहीं चल रहे हैं उनको दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया है।
लाइटिंग के काम में तेजी लाने का निर्देश
सीईओ रितु माहेश्वरी ने ग्रेटर नोएडा के सभी ब्लैंक स्पॉट, प्रमुख मार्गों, सर्विस रोड, गांवों के प्रमुख रास्तों पर एलईडी लाइट लगाने के निर्देश दिए हैं। विभाग ने इन कार्यों की टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। अलग-अलग जगहों पर तीन रंगों वाली स्ट्रीट लाइट भी लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं। रितु माहेश्वरी ने यूपीपीटीसीएल के सहयोग से बिजली के कार्यों को और तेज कराने के निर्देश दिए हैं।
यहां बनाया जा रहा बिजली घर
जानकारी के लिए बता दें कि, यूपीपीटीसीएल के साथ मिलकर आरसी ग्रीन में 400 केवी का सब स्टेशन, ईकोटेक 10 में 132 केवी का सबस्टेशन, ईकोटेक 8 में भी 132 केवी का सबस्टेशन, अमरपुर में 400 केवी का सबस्टेशन, जलपुरा और नॉलेज पार्क फाइव में बिजली घर और लाइट को दुरुस्त करने का काम चल रहा है। सीईओ ने ग्रेटर नोएडा के प्रमुख गोलचक्करों पर बेहतरीन लाइटिंग के लिए भी निर्देशित किया है। बिजली अभियांत्रिकी विभाग के अनुसार, इसका रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल तैयार किया जा रहा है। प्राधिकरण ने बिजली विभाग के साथ मिलकर शहर के प्रमुख स्थानों पर लाइटिंग करने के लिए निर्दश दिए हैं। प्राधिकरण ने पहले ही शहर को हरा-भरा और सुंदर बनाने का निर्देश उद्यान विभाग को दिया हुआ है।
