Greater Noida: ग्रेटर नोएडा के कई इलाकों में अब तक आवारा कुत्तों ने आतंक मचा रखा था। कुत्तों की वजह से दर्जनों लोग गंभीर रूप से घायल होकर अस्पताल पहुंच चुके हैं। अब कुत्तों के साथ कई इलाकों में बंदरों का आतंक शुरू हो गया है। ग्रेटर नोएडा के कोट गांव में इन बंदरों ने 7 साल की एक बच्ची को छत से नीचे फेंक दिया। इस घटना में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्ची के सिर और चेहरे पर गंभीर चोट आई है। बच्ची का एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। उसकी स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। इस घटना से गांव में दहशत के साथ प्रशासन के खिलाफ आक्रोश भी है।
बंदरों के अटैक में बच्ची गंभीर घायल
बताया जा रहा है कि कोटा गांव के अंदर ही पिछले 2 माह के दौरान बंदरों ने करीब 10 लोगों पर अटैक किया है। इन सभी मामलों में लोगों को अस्पताल पहुंचना पड़ा। बंदरों के इस आतंक से राहत पाने के लिए गांव के लोगों ने कई बार प्रशासन का दरवाजा खटखटाया, लेकिन कोई राहत नहीं मिली। कोट गांव के प्रधान भोला ने बताया कि, बीते माह बंदरों ने उनकी पत्नी पर हमला किया था, जिससे उनके हाथ में फैक्टर हो गया। इसी तरह नवंबर माह में ही गांव के सुनील शर्मा की बेटी अविका शर्मा और एक दूसरे ग्रामीण कायम खान को भी बंदरों ने शिकार बनाया और सभी को इलाज के लिए अस्पताल जाना पड़ा।
