Greater Noida News: कुछ ही दिनों में ग्रेटर नोएडा का नजारा बदलने वाला है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की सीईओ रितु माहेश्वरी ने शहर की सड़कों को चमकाने का निर्देश दिया है। जिससे शहर के प्रमुख मार्गों की अपनी खास पहचान बन जाए। इसके अलावा प्राधिकरण ने अपने क्षेत्र के गांवों की गलियों का सर्वे कराने के निर्देश परियोजना विभाग को दिए हैं। कंसल्टेंट एजेंसी का चयन कर इस काम को जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं। इससे गांवों में विकास कार्य कराने में काफी आसानी भी होगी।
बता दें कि समीक्षा बैठक के दौरान सड़क मार्गों के क्रैश बैरियर को पेंट करने के लिए कहा गया है। सड़क किनारों पर लगी घास की सफाई, सेंट्रल वर्ज की पेंटिंग, कर्व स्टोन की सही से मरम्मत कराने को कहा गया है। रोड किनारे सीजन वाले संदुर फूल लगाने को कहा गया है। सड़क के किनारे दिखने वाले कूड़े - कचरे और सड़क से दिखने वाले खाली प्लॉट तक की सफाई कराने के लिए 20 जनवरी तक की समय सीमा तय कर दी गई है। बताया जा रहा है कि विभिन्न तरह की तैयारियां आगामी दिनों में ग्रेटर नोएडा में होने वाले जी - 20 सम्मेलन को देखते हुए की जा रही हैं।
