Amrapali Flats Booking: ग्रेटर नोएडा वेस्ट में नए फ्लैट खरीदने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है। ग्रेटर नोएडा वेस्ट में अगले तीन महीने में आम्रपाली के 13 हजार फ्लैटों की बुकिंग शुरू हो जाएगी। उम्मीद है कि फ्लैट खरीदने वाले अगस्त से बुकिंग करा सकेंगे। सबसे खास बात ये है कि इन फ्लैटों की बुकिंग काफी सस्ते दरों पर होंगी। मार्केट रेट की तुलना में फ्लैटों की बुकिंग 25 से 30 प्रतिशत डिस्काउंट पर होने की उम्मीद है। अगस्त में बुकिंग होने वाले इन फ्लैटों को अगले तीन वर्षों में तैयार कर लिया जाएगा।
फाइल फोटो।
सस्ते दरों पर होगी बुकिंग
नैशनल बिल्डिंग कंस्ट्रक्शन कॉरपोरेशन लिमिटेड (एनबीसीसी) के मुताबिक, अगस्त महीने में शुरू होने जा रही इन फ्लैटों की बुकिंग पर 25 से 30 प्रतिशत की छूट मिलेगी। साथ ही फ्लैट खरीदने वालों के पास पैसा देने के लिए तीन साल का वक्त होगा, जिससे उन्हें भी सुविधा होगी। फिलहाल रेडी टू मूव फ्लैट या अनसोल्ड इन्वेंट्री फ्लैट में बुकिंग के बाद अगले एक-दो महीने में भी पूरे पैसे देने होते हैं। ऐसे में आम्रपाली के इन 13 हजार फ्लैटों की बुकिंग लोगों के लिए बेस्ट ऑफर साबित होने वाला है।
इन जगहों पर बनेंगे फ्लैट
बता दें कि कुछ दिनों पहले ही आम्रपाली के प्रोजेक्ट्स में अतिरिक्त फ्लोर एरिया रेश्यो को मंजूरी दी गई थी, जिसके बाद ग्रेटर नोएडा वेस्ट के पांच प्रोजेक्ट्स में नए फ्लैटों की बुकिंग शुरू करने की तैयारी की गई है। ऐसे में करीब 13,000 फ्लैटों की बुकिंग होनी है। इसके तहत गोल्फ होम्स में 2000 फ्लैट, सेंचुरियन पार्क में 1900 फ्लैट, लेजर पार्क में 1000 फ्लैट, ड्रीम वैली में 1900 फ्लैट और लेजर वैली में 6,000 फ्लैट बनने हैं। अगर सब कुछ वक्त पर रहा तो अगस्त में इन फ्लैटों की बुकिंग शुरू हो जाएगी।
बता दें कि एनबीसीसी कोर्ट की निगरानी में आम्रपाली ग्रुप के 22 प्रोजेक्टों को पूरा करने की जिम्मेदारी संभाल रही है। हाल ही में एनबीसीसी ने बताया था कि मार्च 2025 तक सारे प्रोजेक्ट पूरे हो जाएंगे। इसके साथ ही अगस्त में बुकिंग शुरू होने वाली फ्लैटों के पूरा करने की समय सीमा भी तीन साल के लिए रखी जाएगी।
