Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा में एक लापरवाह कार चालक का कहर देखने को मिला है, जिसने सुबह-सुबह स्कूल जा रही एक मासूम बच्ची को अपनी चपेट में ले लिया। कार चालक ने बच्ची पर गाड़ी चढ़ा दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे में बच्ची के पैर में फ्रैक्चर होने की सूचना है। यह पूरी खौफनाक वारदात वहां लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है।
कार चालक की भारी लापरवाही
आदर्श विहार सोसाइटी की घटना, CCTV में दिखी लापरवाही
यह दर्दनाक हादसा ग्रेटर नोएडा के बीटा 2 थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सेक्टर चाई-4 स्थित आदर्श विहार सोसाइटी का है। रोजाना की तरह मासूम बच्ची सुबह अपने घर से स्कूल के लिए निकली थी। जैसे ही वह सोसाइटी के रास्ते पर आगे बढ़ी, तभी एक बेकाबू और लापरवाह कार चालक ने उसे अपनी चपेट में ले लिया और गाड़ी उसके ऊपर चढ़ा दी। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोग और स्वजन बच्ची को अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसके पैर में फ्रैक्चर होने की पुष्टि की है। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें कार चालक की साफ लापरवाही नजर आ रही है। वीडियो में कार छात्रा को टक्कर मारती हुई दिखाई दे रही है। टक्कर के बाद वाहन उसके पैर के ऊपर से गुजर जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- Agar Malwa News: नाले के तेज बहाव में बही श्रद्धालुओं की कार, 3 बच्चों समेत 8 की मौत
पुलिस ने लिया संज्ञान, जांच जारी
घटना की जानकारी मिलते ही बीटा 2 थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संज्ञान में लिया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर कार के नंबर और चालक की पहचान करने में जुटी हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी कार चालक के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
