Greater Noida Crime: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां शराब के पैसों को लेकर हुए घरेलू विवाद में एक पिता ने अपने ही बेटे के सिर पर बांस के डंडे से हमला कर उसकी जान ले ली। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान 47 वर्षीय देवेंद्र के रूप में हुई है।
नशे की हालत में किया था हमला (सांकेतिक चित्र)
शराब के पैसों को लेकर शुरू हुआ था विवाद
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना 21 जून की है। आरोपी देवेंद्र शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा था और उसने अपने बेटे करण से और शराब खरीदने के लिए पैसे मांगे। जब करण ने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया, तो दोनों के बीच तीखी बहस हो गई। अगली सुबह, गुस्से में तिलमिलाया देवेंद्र वापस घर लौटा और करण के सिर पर बांस के भारी डंडे से जोरदार वार कर दिया। सिर में गंभीर चोट लगने के कारण करण खून से लथपथ होकर गिर पड़ा, जिसके बाद आरोपी पिता मौके से फरार हो गया।
अस्पताल में तोड़ा दम, मां की शिकायत पर केस दर्ज
गंभीर रूप से घायल करण को परिजनों ने तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान 22 जून को उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मृतक की मां की शिकायत के आधार पर नॉलेज पार्क थाने में आरोपी देवेंद्र के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर-इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी देवेंद्र को एक्सपो मार्ट और तुगलकपुर के बीच नाले वाली सड़क पर एक पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस ने उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा भी बरामद कर लिया है। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
