Gorakhpur News: गोरखपुर के खोराबार क्षेत्र में बुधवार को रील बनाने के चक्कर में लापता हुए चार किशोरों की तलाश शुक्रवार सुबह एक बेहद दर्दनाक मोड़ पर खत्म हुई। SDRF और NDRF की टीमों ने कड़ी मशक्कत के बाद चारों दोस्तों के शव नदी से बाहर निकाल लिए हैं। इस हादसे ने न केवल परिजनों को उम्र भर का गम दिया है, बल्कि पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है।
शवों के पास बिलखते परिजन
रील और स्टंट के चक्कर में हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे नौ दोस्त साइकिलों से स्टंट करते हुए मिर्जापुर घाट स्थित पीपा पुल पर पहुंचे थे। रील बनाने और नहाने के जोश में पांच किशोर नदी में उतर गए। इसी दौरान स्टंट और वीडियो बनाने के चक्कर में चार दोस्त गहरे पानी की चपेट में आ गए। इनमें से एक किशोर, राजकरन, किसी तरह तैरकर बाहर निकलने में सफल रहा, लेकिन उसके चार साथी, जिनकी पहचान अमन (15), विवेक (15), गगन (15) और अनिकेत (13) के तौर पर हुई है, लहरों के बीच समा गए।
तीन दिनों तक चला सर्च ऑपरेशन
घटना की सूचना मिलते ही खोराबार और कैंट थाना पुलिस के साथ एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं। बुधवार रात और गुरुवार दिनभर चले तलाशी अभियान के बाद गुरुवार शाम विवेक निषाद का शव बरामद हुआ। शुक्रवार सुबह नदी में तीन और शव उतराते मिले, जिनकी पहचान अमन, गगन और अनिकेत के रूप में हुई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से शवों को बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
जैसे ही शुक्रवार सुबह बाकी तीन शवों के मिलने की खबर गांव पहुंची, वहां चीख-पुकार मच गई। रानीडीहा, मालवीय नगर और जंगल सिकरी इलाकों में हर तरफ मातम पसरा है। बदहवास माताएं बार-बार अपने बच्चों का नाम पुकार कर बेहोश हो रही हैं। एक साथ चार किशोरों की अर्थी उठने की खबर से हर आंख नम है और ग्रामीणों की भारी भीड़ पीड़ित परिवारों को ढांढस बंधाने पहुंच रही है।
सोशल मीडिया का जानलेवा जुनून
यह हादसा एक बार फिर आगाह करता है कि रील और वीडियो बनाने का बढ़ता क्रेज किस कदर जानलेवा साबित हो रहा है। मोबाइल के कैमरों में कैद होने की होड़ और खतरनाक जगहों पर स्टंट करने की सनक ने इन बच्चों से उनकी जिंदगी छीन ली। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे जल निकायों के पास सावधानी बरतें और बच्चों को ऐसे जोखिम भरे कामों से दूर रखें।
