Ghaziabad: वसुंधरा चौकी ब्लास्ट पर 'तहरीक-ए-मुजाहिदीन' का दावा, सोशल मीडिया पोस्ट के बाद जांच में जुटी एजेंसियां

गाजियाबाद के वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए धमाके की जिम्मेदारी 'गाजी 2' नाम के एक्स (X) अकाउंट से 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन' संगठन ने ली है। सोशल मीडिया पर सामने आए दावे और वीडियो के बाद पुलिस जांच में जुटी है।

उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के इंदिरापुरम थाना क्षेत्र स्थित वसुंधरा पुलिस चौकी में देर रात हुए जोरदार धमाके के मामले में एक बड़ा और सनसनीखेज मोड़ आ गया है। इस घटना की जिम्मेदारी 'गाजी 2' नाम के एक एक्स (X) अकाउंट से कथित तौर पर 'तहरीक-उल-मुजाहिदीन-ए-हिन्दुस्तान' नाम के एक संगठन द्वारा लिए जाने का दावा किया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई पोस्ट और वीडियो संदेश में पुलिस को निशाना बनाने की बात कही गई है। हालांकि, गाजियाबाद पुलिस और साइबर सेल इस वायरल पोस्ट तथा वीडियो की सत्यता और प्रामाणिकता की गहनता से तकनीकी जांच कर रही है।

ghaziabad blast (1)

धमाके में आया आतंकी एंगल

'गाजी 2' एक्स अकाउंट पर क्या किया गया है दावा?

सोशल मीडिया पर जारी किए गए पोस्ट और एक ऑडियो-वीडियो संदेश के जरिए इस धमाके को जानबूझकर अंजाम देने की बात कही गई है। पोस्ट में दावा किया गया है कि उन्होंने पुलिस को निशाना बनाकर यह कार्रवाई की है। वायरल हो रहे वीडियो में बोला गया है कि तहरीक-ए-मुजाहिदीन-ए-हिन्दुस्तान की तरफ से आज मैं ऐलान करता हूं कि हमने गाजियाबाद में कार्रवाई करते हुए पुलिस को निशाना बनाया है..." पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह किसी शरारती तत्व या भय फैलाने के इरादे से किया गया फर्जी दावा भी हो सकता है, इसलिए फॉरेंसिक और साइबर टीमें पोस्ट के डिजिटल फुटप्रिंट्स खंगाल रही हैं। हम ये साफ कर दें कि मामला जांच के दायरे में है, पुलिस इस मामले में जांच कर रही है, टाइम्स नाउ नवभारत इस पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है।

End of Feed