Ghaziabad: अगर आपने गाजियाबाद नगर निगम सीमा क्षेत्र में कोई प्लाट खरीद रखा है और उसे अभी तक खाली छोड़ रखा है तो तुरंत ही उस पर निर्माण कार्य करवा लें। अगर निर्माण नहीं करा सकते तो कम से कम चारदीवारी तो करा ही लें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि आपके प्लाट में आसपास के लोग गंदगी न एकत्रित करते हो। अगर आपके प्लाट में गंदगी मिली तो आपसे नगर निगम 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूलेगा। नगर निगम ऐसे प्लाटों की जांच के लिए जल्द ही सर्वे कार्य शुरू करने जा रहा है। जिसमें ऐसे सभी प्लाटों की डिटेल तैयार की जाएगी, जो खाली और गंदगी से भरे पड़े हैं।
सफाई अभियान में जुटी गाजियाबाद नगर निगम
नगर निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एमके सिंह के अनुसार शहर के अंदर हजारों ऐसे खाली प्लाट पड़े हैं, जो अब कूड़ाघर में परिवर्तित हो चुके हैं। इससे जहां शहर की स्वच्छता और सुंदरता पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है, वहीं इससे बीमारी भी फैल रही है। शहर के अंदर साफ-सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अब निगम ऐसे प्लाट को चिह्नित करने जा रहा है। इन प्लाटों की जानकारी हासिल करने के लिए टीम का गठन किया जा रहा है। निगम की यह सभी टीमें 6 फरवरी से सर्वे कार्य शुरू देंगी।
