Ghaziabad: गाजियाबाद में सुसाइड का एक हैरान और परेशान कर देने वाला मामला सामने आया है। शहर के इंदिरापुरम कोतवाली क्षेत्र में स्थित शिप्रा सनसिटी फेज वन में एक 18 वर्षीय युवक ने फांसी लगाकर सिर्फ इसलिए सुसाइड कर लिया, क्योंकि उसकी मां जन्मदिन पर उसे बुलेट और मनपसंद मोबाइल नहीं दिला पाई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है, और पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सुसाइड मामले की जांच में जुटी इंदिरापुरम थाना पुलिस ने बताया कि, 18 वर्षीय पारस अपनी मां के साथ शिप्रा सनसिटी फेज वन में रहता था। पारस के माता-पिता का काफी पहले तलाक हो चुका है। वह अपनी मां के साथ रहता था और 11वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। मृतक की मां ने पुलिस को बताया कि सोमवार रात पारस ने अपने कमरे को बंद कर रखा था और जब वह काफी देर तक बाहर नहीं निकला तो उसे बुलाने गई। काफी देर तक आवाज लगाने के बाद भी जब अंदर से कोई आवाज नहीं आई तो खिड़की से झांककर देखा तो पारस छत के पंखे पर फंदे से लटक रहा था। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी गई।
बुलेट और मोबाइल के लिए जिद कर रहा था मृतक
पुलिस जांच में सामने आया कि, मृतक युवक का बीते दिनों जन्मदिन था, तभी से वह अपनी मां से बुलेट और मोबाइल दिलाने की जिद कर रहा था। मां ने पैसा न होने की बात कहकर इस जिद को पूरी करने में असमर्थता जता रही थी। जिसकी वजह से वह अपनी मां से नाराज था। इंदिरापुरम कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवपाल सिंह ने बताया कि, संभावता मांग पूरी न होने के कारण युवक ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। हालांकि पूरे मामले की विस्तार से जांच की जा रही है। जांच में यह भी पता चला कि, उसने करीब साल भर पहले नींद की गोलियां खाकर भी आत्महत्या की कोशिश की थी। इस घटना के बाद से मृतक की मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
