Ghaziabad: इंजीनियर ने दर्ज कराई 30 लाख की चोरी की रिपोर्ट, चोरों से बरामद हुए 1.12 करोड़

  • Produced by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Dec 2, 2022, 02:10 PM IST

Ghaziabad: गाजियाबाद में चोरी के एक मामले में हैरान करने वाला खुलासा हुआ है। इंदिरापुरम के रहने वाले एक आईटी इंजीनियर ने पुलिस को 30 लाख रुपये चोरी होने की शिकायत दी थी। पुलिस ने जब चोरों को पकड़ा तो पता चला कि, इन आरोपियों ने 1.12 करोड़ रुपये चारी किए थे। जिसके बाद चोरों के साथ शिकायतकर्ता इंजीनियर और उसके भाई को भी हिरासत में ले लिया गया।

KEY HIGHLIGHTS
  • गाजियाबाद से जहांगीराबाद जाते हुए 29 नवंबर को हुई थी चोरी
  • पुलिस ने चार चोरों को गिरफ्तार कर बरामद किया 1.12 करोड़ रुपये
  • आय के स्‍त्रोतों की जांच के लिए आयकर विभाग और ईडी को दी सूचना

Ghaziabad: गाजियाबाद में चोरी के एक मामले में ऐसा खुलासा हुआ है कि, आम व्‍यक्ति से लेकर पुलिस तक हैरान नजर आ रही है। साथ ही चोर के साथ-साथ चोरी के पीड़ित को भी पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। दरअसल, शहर में रहने वाले एक आईटी इंजीनियर ने 29 नवंबर को गाजियाबाद पुलिस में कार से 30 लाख रुपये चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। जिसके बाद घटना की जांच में जुटी पुलिस ने इस चोरी में शामिल 4 आरोपियों को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की तो पता चला कि, इन चोरों ने इंजीनियर के पास से 30 लाख रुपये नहीं बल्कि 1.12 करोड़ रुपये चोरी किए थे। पुलिस ने ये सभी पैसे बरामद कर लिए। साथ ही शिकायत दर्ज कराने वाले इंजीनियर और उसके भाई को भी हिरासत में ले लिया गया।

SSP Shlok Kumar

घटना की जानकारी देते एसएसपी गाजियाबाद

पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि, उक्‍त इंजीनियर ने इसके अतिरिक्त अवैध तरीके से 9 लाख रुपये अपने रिश्तेदारों के बैंक खातों में भी ट्रांसफर किए थे। इन खातों को भी पुलिस ने फ्रीज करा दिए हैं। साथ ही इंजीनियर के धन स्त्रोतों की जांच के लिए एसएसपी ने आयकर विभाग और ईडी को पत्र भी लिखा है। एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि, इंदिरापुरम स्थित आम्रपाली ग्रीन कॉलोनी निवासी इंजीनियर ने 29 नवंबर को मुकदमा दर्ज कराया था कि, गाजियाबाद से जहांगीराबाद जाते समय वह रास्ते में निर्मल पहलवान ढाबा पर नाश्ता करने के लिए रूका था। उसकी कार में एक बैग पड़ा था, जिसमें 30 लाख रुपये रखे थे। इस पैसे को उसी दौरान किसी ने चोरी कर लिए। यह शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने जब जांच शुरू की तो पूरे मामले का खुलासा हुआ।

End of Feed