Ghaziabad News: गाजियाबाद में अपराध का एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक तस्कर एक सोसायटी के रहने वाले नाबालिग छात्र-छात्राओं को पहले नशे की लत लगाकर उनके वीडियो बनाता और फिर उन्हें ब्लैकमेल कर उनके ही घर में चोरी करने का दबाव बनाता। यह तस्कर इन बच्चों को वीडियो वायरल करने और अभिभावकों को दिखाने का डर दिखा कर उन्हें घर से गहने और नकदी लाने को कहता। इस तस्कर ने एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के बेटे को भी पहले सिगरेट पिलाकर उसकी वीडियो बनाई और फिर दबाव डालकर घर से लाखों रुपये कीमत के गहने और नकदी चोरी करा ली। अभिभावकों ने जब बच्चे पर दबाव डालकर पूछताछ की तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। जिसके बाद पुलिस में मामला दर्ज कराया गया।
गाजियाबाद में बच्चों को नशे की लत लगाकर ब्लैकमेलिंग (प्रतीकात्मक तस्वीर)
क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान इसी सोसायटी के रहने वाले अमन के तौर पर हुई है। मामले का खुलासा होने के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है। अभी तक की जांच में इस तरह से ब्लैकमेल कर कई अन्य बच्चों के साथ चोरी का पता चला है। पुलिस दूसरे बच्चों से भी पूछताछ कर वारदातों का पता लगाने में जुटी है। बताया जा रहा है कि, आरोपी लंबे समय से इस तरह का अपराध कर रहा था।
गांजा भरी सिगरेट पिलाकर किया ब्लैकमेल
पुलिस को दी शिकायत में सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने बताया कि, उनका 14 साल का बेटा दसवीं कक्षा में पढ़ता है। सोसायटी में रहने वाला अमन आसपास के क्षेत्र में लंबे समय से चरस और गांजा बेचने का काम करता है। आरोपी ने उनके बेटे को गांजा भरी सिगरेट पिलाकर उसका वीडियो बना लिया। इस वीडियो को वायरल करने की धमकी देकर आरोपी अमन ने उनके बेटे पर घर में चोरी करने का दबाव बनाया और मजबूरन बेटे ने 15 हजार नकदी, दो तोले सोने का कड़ा, चांदी की दो मूर्ति घर से ले जाकर उसे दे दी। आरोपी इसके बाद और सामान घर से चोरी करने का दबाव बना रहा था। इससे बेटा परेशान और गुमसुम रहने लगा। जब परिजनों ने दबाव बनाकर इसका कारण पूछा तो उसने आपबीती बताई। क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना प्रभारी अब्दुर रहमान सिद्दीकी ने बताया कि, मामले की जांच की जा रही है, आरोपी अभी फरार है। उसे जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
