Ghaziabad House Tax: गाजियाबाद के लोगों को मिली हाउस टैक्स में बड़ी छूट, जल्द उठा लीजिए मौके का फायदा

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jan 2, 2023, 08:36 PM IST

Ghaziabad House Tax: गाजियाबाद नगर निगम हाउस टैक्स वसूली के लिए न्‍यू ईयर ऑफर लेकर आया है। जिसके तहत जनवरी माह में हाउस टैक्‍स जमा कराने वाले लोगों को पांच प्रतिशत छूट दी जाएगी। इस ऑफर के साथ निगम ने बड़े बकायेदारों के खिलाफ सख्‍त कार्रवाई भी शुरू की है। बकायेदारों के पानी और सीवर कनेक्‍शन काटने के अलावा प्रतिष्‍ठानों को सील किया जाएगा।

KEY HIGHLIGHTS
  • नगर निगम पूरे जनवरी माह के लिए लाया न्‍यू ईयर ऑफर
  • हाउस टैक्‍स जमा कराने पर मिलेगी 5 फीसदी तक की छूट
  • ऑफर के साथ बड़े बकायेदारों पर सख्‍ती भी हुई शुरू

Ghaziabad House Tax: गाजियाबाद नगर निगम अपने हाउस टैक्स कलेक्‍शन को बढ़ाने के लिए न्‍यू ईयर ऑफर लेकर आया है। जिसके तहत जनवरी में हाउस टैक्‍स जमा कराने वाले लोगों को नगर निगम पांच प्रतिशत की छूट देगा। यह योजना 2 जनवरी से शुरू होकर 31 जनवरी,2023 तक जारी रहेगा। वहीं, निगम ने फरवरी और मार्च में टैक्स जमा करने पर मिलने वाली छूट पर रोक लगा दी है। नगर निगम अधिकारियों ने बताया कि शहर के एक लाख से अधिक बड़े बकायेदारों की सूची तैयार की गई है। इन बकायेदारों से टैक्स वसूली के लिए दो जनवरी से ही विशेष अभियान चलाने की घोषणा की है। नगर आयुक्त डॉ. नितिन गौड़ ने इस अभियान की जिम्‍मेदारी सभी जोनल प्रभारियों को सौंपी है।

Ghaziabad Municipal Corporation

गाजियाबाद नगर निगम ले आया न्‍यू ईयर ऑफर

बता दें कि गाजियाबाद नगर निगम ने इस वित्तीय वर्ष में 31 मार्च तक 276 करोड़ टैक्स वसूली का लक्ष्‍य रखा है, लेकिन अभी तक निगम सिर्फ 93 करोड़ रुपये टैक्‍स वसूली ही कर पाया है। टैक्‍स वसूली को बढ़ाने के लिए नगर निगम ने पिछले साल हाउस टैक्स जमा करने पर दस प्रतिशत की छूट देने की घोषणा की थी। इस दौरान टैक्‍स कलेक्‍शन के ग्राफ में इजाफा भी हुआ था। इसलिए एक बार फिर से छूट दी है। हालांकि इस बार महज 5 फीसदी की छूट ही दी गई है। यह छूट जनवरी के पूरे महीने ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों तरह से मिलेगी। जिसके बाद इस छूट को बंद कर दिया जाएगा।

End of Feed